हितेंद्र सिंह, अंतरवेलिया

18 जुलाई 2026 को प्रातः 9:00 बजे सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल, अनतेरवेलिया में शपथ समारोह का आयोजन बड़े उत्साह एवं गरिमा के साथ किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रतनसिंह भूरिया (संकुल प्रभारी), जगदीश नायक (थाना प्रभारी, अनतेरवेलिया चौकी) तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मोहनसिंह भूरिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, पालकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी सम्मिलित हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, प्रार्थना एवं स्वागत गीत से हुआ। तत्पश्चात विद्यालय की प्राचार्या द्वारा सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। इसके बाद नव-निर्वाचित छात्र-नेताओं को मंच पर आमंत्रित किया गया तथा उन्हें शपथ दिलाई गई। सभी छात्र-नेताओं ने विद्यालय के प्रति ईमानदारी, अनुशासन, सेवा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथियों द्वारा सभी नव-निर्वाचित छात्र-नेताओं को बैज एवं सैश पहनाकर सम्मानित किया गया। हेड बॉय, हेड गर्ल, स्कूल कैप्टन, हाउस कैप्टन, खेल, सांस्कृतिक, अनुशासन तथा अन्य विभिन्न पदों पर चयनित विद्यार्थियों को उनके दायित्व सौंपे गए।

अपने प्रेरणादायक संबोधन में मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को ईमानदारी, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा-भाव के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एक सच्चा नेता वही होता है जो स्वयं अनुशासित रहकर दूसरों के लिए प्रेरणा बने और समाज व राष्ट्र की उन्नति में अपना योगदान दे।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्या ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह शपथ समारोह विद्यार्थियों में नेतृत्व, उत्तरदायित्व एवं सेवा-भावना विकसित करने वाला प्रेरणादायक कार्यक्रम सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *