खरडू बड़ी। झाबुआ जिले के खरडू बड़ी गांव में रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे सापन नदी के पास दिनदहाड़े लूट की वारदात सामने आई। दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने कार सवार पति-पत्नी को ओवरटेक कर रास्ते में बाइक खड़ी कर दी। इसके बाद बदमाशों ने कार में सवार दंपती से झूमाझटकी करते हुए महिला के गले से सोने की चेन खींच ली और उनका बैग व तीन मोबाइल लेकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार कार क्रमांक GJ 05 JA 8154 में पारा क्षेत्र के पीथमपुर स्थित हॉस्टल के अधीक्षक एवं शिक्षक अपनी पत्नी विमला वास्केल और बच्चों के साथ अपने गृह गांव कालीदेवी गोला जा रहे थे। रविवार को छुट्टी होने के कारण परिवार गांव जा रहा था। इसी दौरान सापन नदी के पास दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक किया और कार के आगे बाइक खड़ी कर रास्ता रोक दिया।

*महिला के गले से खींची सोने की चेन*

पीड़िता विमला वास्केल ने बताया कि बाइक से आए बदमाशों में से दो नकाबपोश उनके पास आए और झूमाझटकी करते हुए उनके गले से सोने की चेन खींच ली। इसके बाद बदमाश उनके पास रखा बैग लेकर मौके से फरार हो गए। बैग में हॉस्टल से संबंधित सरकारी कागजात, बैंक की चेकबुक और नगदी रखी हुई थी। इसके अलावा उनके पति के पास मौजूद दो मोबाइल सहित कुल तीन मोबाइल भी बदमाश अपने साथ ले गए।

*भागते समय CCTV कैमरे में कैद*

वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक से फरार हो गए। इसी दौरान खरडू बड़ी में लगे CCTV कैमरों में बदमाशों की गतिविधियां कैद हो गईं। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते की जांच कर रही है।

*सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची*

घटना की सूचना मिलते ही झाबुआ थाने के थाना प्रभारी आरसी भास्करे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। CCTV फुटेज सहित अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *