- भजनों की प्रस्तुति देते हुए जिले की उभरती प्रतिभा कुुंदनपुर तिवारी.
– भगवान कृष्ण अपने मित्र सुदामा के चरण धोते हुए.

झाबुआ लाइव के लिए पेटलावद से हरीश राठौड़ की रिपोर्ट-
माधव राम मंदिर में मीरा बाई एकली खड़ी रे एकल खड़ी, जैसे कई भजनों से पेटलावद नगर का माहउल सोमवार रात्रि में धर्ममय हो गया, जहां एक से एक भजन जिसमें चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है और इस दिल में क्या रखा है सांई बाबा का नाम छुपा रखा है,जैसे भजनों पर श्रोता खूब झूमे। श्रीराम रोटी सेवा केंद्र के एक वर्ष पूर्ण होने पर भव्य सम्मान समारोह और विशाल भजन संध्या का आयोजन सोमवार रात्रि में निलकंठेश्वर मंदिर प्रांगण में किया गया, जिसमें नगर की समस्त सामाजिक और धार्मिक आयोजन करने वाली संस्थाओं का सम्मान किया गया। वहीं नगर के सभी मंदिरों के पुजारियों का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन गौतम ग्रुप, निलकंठेश्वर मित्र मंडल और श्रीराम रोटी सेवा केंद्र द्वारा किया गया। आयोजन में विशेष अतिथि के रूप में महंत त्यागी देवादास फलाहारी महाराज और मुख्य अतिथि के रूप में पंडित मुकेश शर्मा, महाकाली धाम अगराल, डॉ जुगल किशोर गुप्ता उपस्थित थे। अतिथियों और सेवा केंद्र के सदस्यों द्वारा समस्त मंदिरों के पुजारी और सभी सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारियों का सम्मान किया गया। यह नगर का एक अनूठा आयोजन था जिसमें पुजारियों को प्रथम बार एक साथ सम्मान हुआ। कार्यक्रम का संचालन अविनाश उपाध्याय और अनिल चौधरी ने किया। आभार प्रदर्शन सेवा केंद्र प्रमुख गौतम गेहलोत ने माना।
देर रात तक चली भजन संध्या-

भजन संध्या में देर रात तक जमे रहे श्रद्वालु.

देर रात तक चली भजन संध्या में श्रोता मंत्रमुग्ध हो गए और भजनों पर थिरके। वही स्थानीय कलाकारों द्वारा कृष्ण सुदामा मिलन का जीवंत दृश्य प्रस्तुत किया,जिस पर बांबे के कलाकारों ने भजन भी गाया। अरे द्वारपालों- कन्हैया से जाकर कहना। देर रात 1 बजे तक भजन संध्या चली जहां श्रोताओं ने नाचते गाते भजन संध्या का आनंद लिया। भजन संध्या में जिले के उभरते गायक कलाकार कुंदनपुर तिवारी ने भी भीली भाषा में भगवान भोले का भजन सुनाया तो पांडाल में बैठा हर व्यक्ति नाचने लगा। इस मौके पर दानदाताओं ने अन्न दान और आर्थिक सहयोग श्री राम रोटी सेवा केंद्र को दिया।
एक वर्ष में 10 हजार लोगों ने किया भोजन
इस नगर में कोई भूखा ना सोए मन की बस एक ऐसी ही सोच के साथ शुरू हुए श्री राम रोटी सेवा केंद्र ने देखते ही देखते एक वर्ष पूर्ण कर लिया। इस एक वर्ष में सेवा केंद्र पर 10 हजार से ज्यादा असहाय लोगों को भोजन करवाया गया, अपितु इसके साथ ही अन्नकूट, बैग-पुस्तक वितरण, अस्पताल में भोजन, शॉल-स्वेटर वितरण जैसे अन्य कई सामाजिक कार्य भी किए। पूरे वर्ष नगर के सभी धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में पेयजल व्यवस्था, ब्लास्ट की बरसी पर नगर में शांति एवं सद्भाव की सोच से महामृत्युजंय मंत्र जाप करवाया। इसके साथ ही निलकंठेश्वर मित्र मंडल द्वारा श्रावण माह के चारों सोमवार पर भगवान निलकंठेश्वर महादेव का आकर्षक श्रृंगार किया जाता है। इन सभी उपलब्धियों से भरा एक वर्ष श्री रामरोटी सेवा केंद्र के नाम रहा। इस मंडल के मुख्य सदस्य गौतम गेहलोत और उनकी पूरी टीम ने मेहनत और लगन के साथ अपने इस धार्मिक लक्ष्यों को पाया है और आगे भी सतत इसी प्रकार धार्मिक आयोजनों को करने का लक्ष्य बनाया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *