आलीराजपुर। जोबट विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बोरकुण्डिया तालाब फलिया में लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण की गंभीर समस्या को लेकर पिछले दिनों ग्राम निवासी दीपक भाबर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने जोबट विधायक सेना महेश पटेल के निवास पहुंचकर अपनी पीड़ा व्यक्त की थी। ग्रामीणों ने विधायक को बताया था कि मुख्य मार्ग से तालाब फलिया तक लगभग दो सौ मीटर सड़क का निर्माण नहीं हो पाने के कारण बरसात के मौसम में फलिया के रहवासियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कीचड़, जलभराव और फिसलन के कारण बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं एवं मरीजों का निकलना अत्यंत कठिन हो जाता है। ग्रामीणों की इस मूलभूत समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक सेना महेश पटेल आज स्वयं बोरकुण्डिया तालाब फलिया पहुंचीं और मौके का निरीक्षण किया। विधायक के ग्राम पहुंचते ही ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा ग्रामवासियों ने फूलमाला पहनाकर उनका आत्मीय स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने बिना देर किए मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को तलब किया। विधायक के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता पटेल, तहसीलदार तोमर, एरीगेशन विभाग के एसडीओ, संबंधित पटवारी एवं बोरकुण्डिया सरपंच तत्काल स्थल पर पहुंचे। विधायक ने ग्रामीणों एवं अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से विस्तृत चर्चा की और वर्षों से चली आ रही विभागीय विसंगतियों तथा भूमि संबंधी अड़चनों को दूर करने के निर्देश दिए। लगातार संवाद और आपसी सहमति के बाद सभी विभागों द्वारा सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कराने के लिए सहमति प्रदान की गई। विधायक के समक्ष ही निर्माण प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया। यह निर्णय होते ही ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और पूरे तालाब फलिया में उत्साह का वातावरण बन गया। ग्रामीणों ने विधायक सेना महेश पटेल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से लंबित इस समस्या का समाधान पहली बार किसी जनप्रतिनिधि ने मौके पर पहुंचकर कराया है। इस अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक सेना महेश पटेल ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार पूरी तरह जनविरोधी सरकार बन चुकी है। जनता की मूलभूत सुविधाओं की चिंता करने के बजाय केवल घोषणाओं और प्रचार में लगी हुई है। विधायक ने कहा कि यह सरकार महिलाओं के अधिकारों के साथ भी छल कर रही है। केंद्र में नारी सम्मान की बातें करने वाली भाजपा मध्यप्रदेश में महिलाओं को 33 प्रतिशत राजनीतिक आरक्षण देने से पीछे हट रही है। भाजपा आरक्षण को परिसीमन से जोड़कर जनता को भ्रमित करना चाहती है, जबकि उसकी मंशा महिलाओं को वास्तविक भागीदारी देना नहीं है। विधायक सेना महेश पटेल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा गांव, गरीब, किसान, आदिवासी, महिला और आमजन के हक की लड़ाई लड़ती आई है और आगे भी हर गांव की हर समस्या का समाधान कराने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच मजबूती से खड़े रहेंगे। कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष हरीश भाबर, विधायक प्रतिनिधि मदन डावर, सोनू वर्मा , दीपक भाबर, मनीष चौहान, सहित कांग्रेस कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। Post navigation समाजसेवी राजेंद्र (नीरज) श्रीवास्तव का हृदय गति रुकने से निधन, आज होगा अंतिम संस्कार बरगी डैम में हुए हादसे के मृतकों को युवक कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि