नवनीत त्रिवेदी @झाबुआ Desk झाबुआ। शहर के बस स्टैंड पर बुधवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में राठौर समाज झाबुआ के अध्यक्ष रामचंद्रजी राठौड़ का निधन हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वे जिला अस्पताल के सामने खड़े थे, तभी एक निजी डामोर बस की चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस उन्हें कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गई, जिससे उनके गले सहित शरीर पर गंभीर चोटें आईं। आशंका जताई जा रही है कि गले की नस दबने के कारण उनकी हालत अत्यंत गंभीर हो गई और उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। घटना के बाद बस स्टैंड क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया मगर प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हृदयविदारक घटना से राठौर समाज सहित पूरे झाबुआ शहर में शोक की लहर दौड़ गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। दुर्घटना के वास्तविक कारणों और बस चालक की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने बस को अपने कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। राठौर समाज के अध्यक्ष के आकस्मिक निधन पर सामाजिक, धार्मिक एवं विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। Post navigation मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बड़वानी के बलराम कृषि महोत्सव को संबोधित किया सीएम डॉ. यादव 23 को आलीराजपुर में, बलराम कृषि महोत्सव में होंगे शामिल, देंगे करोड़ों की सौगात