पारा क्षेत्र में हुई सनसनीखेज चोरी का खुलासा, 6 लाख के आभूषणों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

0

अशोक बलसोरा, पारा
जिले के पुलिस चौकी पारा (थाना कोतवाली झाबुआ) क्षेत्रांतर्गत ग्राम रातीमाली में पिछले महीने हुई सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 6 लाख रुपये आंकी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 जुलाई 2026 की मध्यरात्रि को अज्ञात चोरों ने ग्राम रातीमाली निवासी फरियादी ईश्वर रावत के मकान का ताला तोड़कर वहां से सोने-चांदी के आभूषण और नगदी चुरा ली थी। इस घटना को लेकर थाना झाबुआ की पारा चौकी पर अपराध क्रमांक 658/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(1) और 305(ए) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए झाबुआ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार ने मामले के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष अनुसंधान दल का गठन किया। अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) श्री कमलेश शर्मा के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल और प्रमुख मार्गों का बारीकी से निरीक्षण किया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

लगातार प्रयासों, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने चोरी की घटना में शामिल आरोपी धनसिंह उर्फ धनिया (पिता बनसिंह अलावा, निवासी ग्राम काकड़वा) और राकेश (पिता पिरम अलावा, निवासी ग्राम बगोली) की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 लाख रुपये कीमत का चोरी गया मशरूका (सोने-चांदी के आभूषण) जब्त कर लिया है।

इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक आर.सी. भास्करे, उप निरीक्षक पल्लवी भाबर, उप निरीक्षक रामसिंह चौहान, सहायक उप निरीक्षक फतेसिंह बांगडिया, सहायक उप निरीक्षक रमेश निनामा के साथ प्रधान आरक्षक मनोहर भुरिया, रतन मोरी, इन्द्रदेव परमार, मनोज भुरिया और आरक्षक गमतु, रवि डावर, उमेश कनेश, रमेश कनेश, देसिंह, एलाम डुडवे, नानुराम डावर, श्यामसिंह सोलंकी, प्रवीण, विक्रम, कृष्णा एवं जितेन्द्र का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.