जितेंद्र वाणी, नानपुर आलीराजपुर जिले के नानपुर में तहसीलदार मामून खान ने ग्राम पंचायत भवन में पंचायत सदस्यों और सफाई कर्मचारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली। इस दौरान उन्होंने गांव की साफ-सफाई, अतिक्रमण और अन्य जनसमस्याओं को विस्तार से सुना तथा उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन की इस सक्रियता और गंभीरता से ग्रामवासियों में खुशी की लहर है। बैठक में मुख्य रूप से गांव के मुख्य मार्ग पर लगे बिजली के पोल हटाने को लेकर विद्युत विभाग के कर्मचारियों से चर्चा की गई। तहसीलदार ने ग्राम पंचायत सचिव को सब्जी बाजार को सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से अन्यत्र स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। गांव की नालियों की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर पालिका सीएमओ से मशीन उपलब्ध कराने पर भी बात की गई। इसके अलावा, नलों से व्यर्थ पानी बहाने और सड़क पर कचरा फेंकने वाले दुकानदारों व मकान मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए गांव में मुनादी (सार्वजनिक सूचना) कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि जल्द ही ग्राम पंचायत, पुलिस प्रशासन और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम पूरे नगर का पैदल भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनेगी और मौके पर ही उनका हल निकालने का प्रयास करेगी। https://jhabualive.com/wp-content/uploads/2026/03/WhatsApp-Video-2026-03-29-at-7.38.04-PM.mp4 वहीं, गांव में रसोई गैस की भारी किल्लत से जूझ रहे लोगों को भी प्रशासन की त्वरित पहल से बड़ी राहत मिली। तहसीलदार मामून खान के निर्देशन में शांतिपूर्ण तरीके से गैस सिलेंडरों का वितरण करवाया गया। मनोरमा गैस एजेंसी के कर्मचारियों ने देर शाम तक व्यवस्था संभाले रखी और ग्रामीणों के पूर्ण सहयोग से यह बड़ी जिम्मेदारी सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इसके अतिरिक्त, आगामी 3 अप्रैल को दाऊदी बोहरा समाज के धर्मगुरु के नानपुर आगमन को लेकर भी तहसीलदार ने समाजजनों के साथ एक विशेष बैठक आयोजित की। इस दौरान धर्मगुरु के स्वागत और अन्य व्यवस्थाओं की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें नानपुर सरपंच, सचिव, पंच सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे। Post navigation विपत्ती में साथ दे वह सच्चा मित्र -पंडित ब्रज किशोर नागर नानपुर में भीषण आग से लाखों की कटलरी जलकर राख