जितेंद्र वर्मा, जोबट 

आलीराजपुर जिले के जोबट तहसील अंतर्गत ग्राम चगदी में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां 15 वर्षीय बालक सज्जन सिंह, पिता राजू चौहान, की तालाब में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब वह कल सुबह करीब 11 बजे गांव के तालाब में नहाने के लिए गया था।

बताया जा रहा है कि नहाते समय अचानक गहरे पानी में जाने से बालक डूब गया। जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों और ग्रामीणों को चिंता हुई, जिसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन बालक का कोई पता नहीं चल पाया।

घटना की सूचना मिलते ही गोताखोरों की टीम को बुलाया गया। लगातार प्रयासों के बावजूद पहले दिन सफलता नहीं मिली। वहीं आज दूसरे दिन गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब 11 बजे बालक का शव तालाब से बाहर निकाला।

इस दुखद घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम का माहौल बना हुआ है। सूचना पर स्थानीय प्रशासन भी मौके पर पहुंचा और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *