लोहित झामर, मेघनगर मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल फुटतालाब में आयोजित नवरात्रि महोत्सव के तीसरे दिन भी भक्ति और गरबा रास का उल्लास चरम पर नजर आया। आसपास के 10 से अधिक जिलों से पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए फुटतालाब का नवरात्रि महोत्सव आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। इंदौर, दिल्ली और गुजरात से आए कलाकारों के साथ स्थानीय ग्रामीण युवाओं की गरबा प्रस्तुतियों ने ऐसा समां बांधा कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। विशाल आयोजन में धर्म, संस्कृति और अनुशासन के अनूठे संगम को देखकर दूर-दराज से पहुंचे लोगों ने आयोजन समिति की सराहना की। नवरात्रि महोत्सव में प्रतिदिन उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ और लोगों की अटूट आस्था भारतीय धार्मिक संस्कृति की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत कर रही है। पंडाल में विराजित मां जगदंबा की भव्य प्रतिमा के दर्शन और भक्तिमय वातावरण से पूरा परिसर माता की आराधना में लीन नजर आ रहा है। वहीं मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री वनेश्वर मारुति नंदन हनुमान मंदिर में विराजित श्रीराम भक्त हनुमान के दर्शन के लिए भी प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। गुजरात के कलाकार ने की आयोजन की सराहना कार्यक्रम में अपनी मधुर आवाज और संगीत के माध्यम से गरबों को भक्तिरस से सराबोर कर रहे गुजरात के सारेगामापा ग्रुप के धर्मेंद्र भाई ने फुटतालाब में उमड़ रहे श्रद्धालुओं के उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि गुजरात की तरह ही मध्य प्रदेश के फुटतालाब में भी गरबा और माता की भक्ति को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इस तरह का उत्साह दूसरे राज्यों में अपेक्षाकृत कम देखने को मिलता है। फुटतालाब का आयोजन धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को सशक्त बनाने का उत्कृष्ट उदाहरण है। सर्वोदय कला मंडल ने किया आयोजकों का स्वागत मंगलवार रात झाबुआ के सर्वोदय कला मंडल के सदस्य फुटतालाब पहुंचे। मंडल के सदस्यों ने आयोजन की भव्यता और वर्षों से निरंतर महोत्सव का आयोजन करने के लिए पप्पू भैया और रिंकू भैया का स्वागत कर उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर सुरेश जैन और राजेश जैन ने मंडल के सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। प्रतिदिन रात 8 बजे महाआरती में शामिल होने की अपील आयोजन के प्रमुख सुरेश चंद्र पूरणमल जैन, राजेश रिंकू जैन और जैकी जैन के साथ महिला मंडल की सदस्य सीमा सुरेश जैन, नीता राजेश जैन एवं परिवार के सदस्यों ने श्रद्धालुओं से प्रतिदिन रात 8 बजे आयोजित होने वाली मां जगदंबा की महाआरती में शामिल होने का विनम्र आग्रह किया है। मंदिर के महंत दिलीपदास जी महाराज और श्रीरामदास जी त्यागी टाट वाले बाबा ने भी धर्मप्रेमी जनता से महाआरती में सहभागी बनकर मां का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की। फुटतालाब का नवरात्रि महोत्सव अब केवल स्थानीय आयोजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आसपास के अनेक जिलों के श्रद्धालुओं के लिए आस्था, भक्ति, लोक संस्कृति और सामाजिक समरसता का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। कलाकारों की प्रस्तुतियों, ग्रामीण युवाओं के उत्साह और श्रद्धालुओं की सहभागिता ने महोत्सव की भव्यता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा दिया है। Post navigation माँ महाकाली के जयकारों के साथ पिटोल से पावागढ़ तक निकली 52 गज की ध्वजा यात्रा