जितेंद्र वर्मा, जोबट जोबट नगर के मेन रोड और प्रमुख बाजार क्षेत्र में संचालित बैंकों और फाइनेंस कंपनियों के बाहर इन दिनों ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं होने से सड़कें वाहनों से भर जाती हैं और दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन और संबंधित संस्थानों की अनदेखी के कारण आम जनता को रोज परेशानी झेलनी पड़ रही है। https://jhabualive.com/wp-content/uploads/2026/05/VID-20260525-WA0007.mp4 नगर के मुख्य चौराहे पर एक ही गली में Bank of India, Axis Bank और HDFC Bank संचालित हो रहे हैं। तीनों बड़े बैंकों में रोजाना बड़ी संख्या में ग्राहक पहुंचते हैं, लेकिन यहां किसी भी प्रकार की व्यवस्थित पार्किंग सुविधा नहीं है। ग्राहक अपने दोपहिया और चारपहिया वाहन सड़क किनारे खड़े कर देते हैं, जिससे मेन रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। स्थिति केवल बैंकों तक सीमित नहीं है। धर्मशाला के पास स्थित Silver Finance के बाहर भी रोजाना फोर व्हीलर वाहनों की लाइन लगने से सड़क पर जाम की स्थिति बनी रहती है। कई बार छोटे वाहन, स्कूल बसें और एंबुलेंस तक जाम में फंस जाती हैं। स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों का कहना है कि व्यस्त समय में यहां से निकलना मुश्किल हो जाता है। नगरवासियों का आरोप है कि बिना पार्किंग व्यवस्था के बैंक और फाइनेंस संस्थान संचालित हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि बैंक और फाइनेंस संस्थानों के बाहर पार्किंग स्थल चिन्हित किए जाएं, सड़क किनारे अव्यवस्थित वाहन खड़े करने पर कार्रवाई हो तथा यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि नगरवासियों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके। Post navigation आबकारी विभाग ने 800 पेटी अवैध शराब जब्त कर प्रकरण बनाया इंदौर के भागीरथपुरा जैसी घटना की आशंका, जोबट नगर परिषद पर उठे सवाल