जितेंद्र वर्मा जोबट

जोबट नगर परिषद में हाल ही में की गई चार कर्मचारियों की नियुक्तियों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। वार्ड क्रमांक-08 की पार्षद खुशबू बबलू बघेल ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को आवेदन सौंपकर भर्ती प्रक्रिया से जुड़े सभी दस्तावेज और जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है।

पार्षद ने अपने आवेदन में राहुल राठिया, रमाल गाड़रिया, बबलू मावड़ा एवं रविंद्र आंजने की नियुक्तियों का उल्लेख करते हुए पूछा है कि इनकी नियुक्ति किस पद पर, किस प्रक्रिया और किन नियमों के तहत की गई। उन्होंने यह भी जानकारी मांगी है कि संबंधित पदों के लिए स्वीकृत रिक्तियां थीं या नहीं तथा भर्ती के दौरान शासन के नियमों और निर्देशों का पालन किया गया या नहीं।

आवेदन में यह भी मांग की गई है कि यदि भर्ती के लिए सार्वजनिक विज्ञापन जारी किया गया था, तो उसकी प्रति, प्रकाशन की तिथि तथा संबंधित समाचार पत्र की प्रति उपलब्ध कराई जाए।

पार्षद खुशबू बघेल का कहना है कि नगर परिषद में हुई इन नियुक्तियों को लेकर भारी लेनदेन की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने कहा कि इसी आशंका के चलते उन्होंने सीएमओ से पूरी भर्ती प्रक्रिया की जानकारी मांगी है, ताकि वास्तविक स्थिति जनता के सामने आ सके।

हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और नगर परिषद प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। प्रशासन का पक्ष आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *