जितेंद्र वर्मा जोबट श्रावण मास के पावन अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद की मातृशक्ति दुर्गा वाहिनी, प्रखण्ड जोबट द्वारा रविवार को मातृशक्ति समरसता कावड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ जोबट के शिवालय मंदिर प्रांगण से विधिवत पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके बाद सैकड़ों महिला श्रद्धालु, युवतियां एवं शिवभक्त कंधों पर कावड़ लेकर ग्राम उंडारी स्थित सिद्धेश्वर महादेव धाम के लिए रवाना हुए। https://jhabualive.com/wp-content/uploads/2026/08/VID-20260802-WA0010.mp4 यात्रा के दौरान पूरा मार्ग “हर-हर महादेव”, “बोल बम” और “जय श्रीराम” के जयघोष से गूंजता रहा। भगवा ध्वज, भक्ति गीतों और शिव आराधना के बीच निकली यात्रा ने धार्मिक वातावरण का सृजन किया। रास्ते में कई स्थानों पर ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर कावड़ यात्रियों का स्वागत किया तथा पेयजल, फल और प्रसादी की व्यवस्था की। विश्व हिन्दू परिषद एवं मातृशक्ति दुर्गा वाहिनी के पदाधिकारियों ने बताया कि समरसता कावड़ यात्रा का उद्देश्य समाज में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता, महिला सहभागिता और सनातन संस्कृति के प्रति जनजागरण का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का विशेष समय है और इस प्रकार के आयोजन समाज में भाईचारे, सेवा और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करते हैं। उंडारी स्थित सिद्धेश्वर महादेव मंदिर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, अच्छी वर्षा, शांति और खुशहाली की कामना की। यात्रा पूरे समय अनुशासित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। इस अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद, मातृशक्ति दुर्गा वाहिनी, बजरंग दल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु और ग्रामीणजन मौजूद रहे। यात्रा को लेकर क्षेत्र में दिनभर उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा। Post navigation जोबट नगर परिषद की चार नियुक्तियों पर सवाल, पार्षद ने मांगी भर्ती प्रक्रिया की पूरी जानकारी जोबट दाल मिल परिसर के बाहर ई-टोकन व्यवस्था बंद होते ही खाद के लिए उमड़ा किसानों का सैलाब