मयंक विश्वकर्मा आम्बुआ 

थाना आम्बुआ अंतर्गत ग्राम बड़ा इटारा में पैतृक ज़मीन के बँटवारे को लेकर हुए खूनी संघर्ष में बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, 31 जुलाई की शाम करीब 6:30 बजे बड़ा इटारा निवासी अंतर सिंह (55 वर्ष) और उसके छोटे भाई मुकाम सिंह (45 वर्ष) के बीच ज़मीन को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर अंतर सिंह ने लोहे की सबल से मुकाम सिंह के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मुकाम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद मृतक की पत्नी सागरी बाई की रिपोर्ट पर आम्बुआ पुलिस ने अपराध क्रमांक 236/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। थाना प्रभारी मोहन डावर ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और वारदात में प्रयुक्त सबल ज़ब्त की।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए ASP ज्योति उमठ, SDOP आशुतोष पटेल और पुलिस अधीक्षक रघुवंश कुमार सिंह भदौरिया के निर्देशन में गाँव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने आरोपी अंतर सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय जोबट में पेश कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *