दिनेश वर्मा, झाबुआ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज मंदसौर स्थित हिंगलाज रिसॉर्ट बोट क्लब से मिनी क्रूज में सवार होकर चंबल नदी के मनोरम जलमार्ग से टेंट सिटी बोट क्लब तक की यात्रा की। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वयं मिनी क्रूज को चलाकर रोमांचक जलयात्रा का आनंद लिया। साथ ही, चंबल नदी के प्राकृतिक सौंदर्य, मनोहारी जलधारा और आसपास के रमणीय प्राकृतिक परिवेश का अवलोकन भी किया।

हमारी सरकार के गठन के साथ ही गांधी सागर की जलराशि का बेहतर उपयोग करने के लिए पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना की नई तकनीक पर काम शुरू किया गया है। इसके माध्यम से बिजली उत्पादन की क्षमता लगभग 20 गुना तक बढ़ेगी और पानी की एक बूंद भी व्यर्थ नहीं जाएगी। दो जलाशयों के बीच पानी के आवागमन के माध्यम से एक ही जलराशि से बार-बार बिजली उत्पादन किया जा सकेगा। इस अभिनव प्रयोग से पूरा मध्यप्रदेश लाभान्वित होगा और देश में भी हमारी बिजली उपलब्धता की स्थिति मजबूत होगी। मैं अपनी ओर से प्रदेशवासियों को बधाई देना चाहता हूं। साथ ही, देशवासियों के मन में इस परियोजना को लेकर जो जिज्ञासाएं हैं, उनका समाधान हो और इस परियोजना के बारे में अधिक से अधिक जानकारी लोगों तक पहुंचे, यह भी आवश्यक है। ऐसे प्रोजेक्ट से देश के अन्य राज्य भी सीख ले सकते हैं। यह अपने आप में एक उत्कृष्ट उदाहरण है।

इसी उद्देश्य से हमने यहां डेस्टिनेशन कैबिनेट के माध्यम से इस क्षेत्र की विशेषताओं को समाज के सामने लाने का प्रयास किया है। जलराशि से जुड़ा यह प्राकृतिक रूप से अत्यंत सुंदर स्थान है। यहां विकसित की जा रही टेंट सिटी पर्यटन को भी बढ़ावा देगी। वन्य संपदा की दृष्टि से भी यह क्षेत्र बेहद समृद्ध है। चीता परियोजना से लेकर विभिन्न प्रकार के वन्यजीवों और विशेष रूप से विलुप्तप्राय गिद्धों सहित अनेक प्रजातियों के पक्षियों के लिए यह क्षेत्र किसी स्वर्ग से कम नहीं है। मैं गांधी सागर डैम के समीप आयोजित इस कैबिनेट बैठक में शामिल होने के लिए पधारे माननीय उपमुख्यमंत्री एवं मंत्रिपरिषद के सदस्यों को भी बधाई देता हूं। उन्होंने यहां आकर कैबिनेट बैठक के माध्यम से इस ऐतिहासिक स्थल को प्रदेश के महत्वपूर्ण निर्णयों का केंद्र बनाया है। हमें उम्मीद है कि आज की कैबिनेट के निर्णयों से इस क्षेत्र के लोगों को भी लाभ मिलेगा। हमारी सरकार के लगभग तीन वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। ऐसे समय में आयोजित यह डेस्टिनेशन कैबिनेट प्रदेश के लिए एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगी। जिस प्रकार हमने पहले रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को गति देने का प्रयास किया, उसी तर्ज पर डेस्टिनेशन कैबिनेट भी प्रदेश के व्यापक भौगोलिक क्षेत्रों में विकास की नई ऊर्जा और चेतना का संचार करेगी। यह प्रयोग अपने आप में अद्भुत है।
यह परियोजना अपने आप में एक केस स्टडी बनेगी। जिस काम को पूरा होने में सामान्यतः दस वर्ष तक का समय लग सकता था, उसे हमने मात्र तीन वर्ष में पूरा किया है। पंप्ड हाइड्रो परियोजना बनाना एक बात है, लेकिन इतने कम समय में पहाड़ी पर विशाल जलाशय का निर्माण करना, जो आकार में एक छोटे सागर जैसा प्रतीत होता है, अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। जहां संकल्प शक्ति होती है, वहां बड़े से बड़ा लक्ष्य भी हासिल किया जा सकता है। माननीय प्रधानमंत्री जी का आशीर्वाद और परमात्मा की कृपा भी हमारे साथ रही। हमारी सरकार ने, मंत्रिपरिषद के सदस्यों, अधिकारियों और पूरी टीम ने मिलकर इस संकल्प को साकार किया है।
-डॉ. मोहन यादव, मुख्यमंत्री

————–

हमारे यहां वॉटर स्पोर्ट्स एक्टिविटीज के साथ-साथ बोटिंग की भी सुविधा उपलब्ध है। चंबल माता की आरती का आयोजन भी होता है। यहां नौका विहार के माध्यम से चंबल नदी के भीतर भ्रमण कर घड़ियाल सहित अन्य लुप्तप्राय प्रजातियों के संरक्षण के प्रयासों को भी करीब से देखा जा सकता है। साथ ही, विभिन्न प्रजातियों के प्रवासी पक्षियों से भी परिचित होने का अवसर मिलता है। इस प्रकार, जिनके मन में प्रकृति, वन्यजीव और पर्यटन को लेकर जिज्ञासाएं हैं, उनके समाधान का यह एक अद्भुत केंद्र है।
भौगोलिक दृष्टि से भी इस क्षेत्र का विशेष महत्व है। एक ओर इसकी सीमा राजस्थान से लगती है, वहीं दूसरी ओर उज्जैन और इंदौर जैसे प्रमुख शहरों से भी इसका जुड़ाव है। यहां टेंट सिटी के माध्यम से पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। इन सभी संभावनाओं और पहलुओं को ध्यान में रखते हुए हमारे पर्यटन स्थलों पर विभिन्न पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय कैबिनेट में लिए गए हैं। हमने इससे पहले महापुरुषों के नाम पर दो-दो कैबिनेट बैठकें आयोजित कीं। इनमें महारानी अहिल्याबाई और वीरांगना रानी दुर्गावती के नाम पर कैबिनेट बैठकें शामिल हैं। इसके बाद राजा भोज के नाम पर जगदीशपुर (इस्लामनगर) में कैबिनेट की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को पारित किया गया। लेकिन आज की कैबिनेट वास्तव में उद्योगों और प्रदेश के विकास की दृष्टि से ऐतिहासिक साबित हुई है। इसमें अनेक बड़े और महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इनमें से अधिकांश निर्णय पूरे प्रदेश को प्रभावित करने वाले हैं। प्रत्येक जिले के लिए ये निर्णय एक नई उपलब्धि साबित होंगे और समग्र रूप से मध्यप्रदेश के विकास को नई गति प्रदान करेंगे।

– डॉ. मोहन यादव, मुख्यमंत्री

————–

गांधी सागर बांध पर गांधी सागर पम्प हाइड्रो स्टोरेज परियोजना के रूप में यह प्रोजेक्ट एशिया का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है, इसमें 2 हज़ार मेगावाट बिजली उत्पादन होगा।

आज AI के जमाने में इलेक्ट्रिकल व्हीकल, सेमी कंडक्टर, डेटा सेंटर, औद्योगिक निवेश को लेकर हम तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। ऐसे में बिजली की उपलब्धता में यह प्रोजेक्ट अत्यंत महत्वपूर्ण है। गांधी सागर बांध पर निर्मित यह प्रोजेक्ट पानी को री-सायकल करने की दिशा में अहम है। इस प्रोजेक्ट को देश और दुनिया के सामने लाने के लिए हमने इस स्थान पर डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक की है। साथ ही यह क्षेत्र पर्यटन और प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत उदाहरण है। इस क्षेत्र में प्राचीन शैल चित्र, अन्य पौराणिक स्थल सहित यहाँ चीता प्रोजेक्ट का भी हमने शुभारंभ किया है। प्रकृति और वन्य जीव संरक्षण की दिशा में यह क्षेत्र अत्यंत महत्वपूर्ण है।

– डॉ. मोहन यादव, मुख्यमंत्री

मध्यप्रदेश में हमने 12 नए मेडिकल कॉलेज और स्किल यूनिवर्सिटी का फैसला लिया था, इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए हमने आज कैबिनेट की बैठक में मुरैना में नए मेडिकल कॉलेज खोलने का निर्णय लिया है। साथ ही शासकीय सेवाओं में कार्यरत सेवकों को 2 बच्चों के प्रतिबंध को हटाने का निर्णय लिया है। रीवा मेडिकल कॉलेज में पूर्व दी गई अनुदान राशि बढ़ाकर हमने ₹414.17 करोड़ करने का निर्णय लिया है, इससे मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में नई सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

– डॉ. मोहन यादव, मुख्यमंत्री

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *