विजय मालवी, बड़ी खट्टाली

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बनी खंडाला (आमलिया) से आलीराजपुर तक की सड़क इन दिनों जर्जर अवस्था में है। मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महज तीन माह पहले किया गया पैचवर्क भी पूरी तरह उखड़ चुका है, जिसके कारण यहां हर समय दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।

जोबट-खट्टाली से खंडाला तक दो लेन सड़क बनने के बाद यात्रा भले ही आसान हो गई हो, लेकिन खंडाला से आलीराजपुर तक का हिस्सा बदहाल होने से जिला मुख्यालय पहुंचने में लोगों को काफी अधिक समय लग रहा है। गहरे गड्ढों की वजह से वाहन चालकों को मजबूरन धीमी गति से सफर करना पड़ता है।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार, ग्रामीण अंचलों को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाले इस सिंगल लेन मार्ग से रेत, गिट्टी व अन्य सामग्री से लदे भारी वाहनों की लगातार आवाजाही होती है। इन वाहनों के अत्यधिक दबाव और समय पर रखरखाव न होने से सड़क तेजी से क्षतिग्रस्त हुई है। बरसात के मौसम में इन गड्ढों में पानी भर जाने से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के लिए सुरक्षित आवागमन और भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है।

अब 7 मीटर चौड़ी बनेगी सड़क

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारी अमित गंगवाल ने बताया कि खंडाला से आलीराजपुर (फतेह क्लब) तक की यह सड़क अब तक PMGSY के अंतर्गत आती थी, लेकिन अब इसका रखरखाव और आगे का कार्य लोक निर्माण विभाग (PWD) को हैंडओवर कर दिया गया है। वर्तमान में यह 3.75 मीटर चौड़ी सिंगल लेन सड़क है, जिसे अब राक्सा तक 7 मीटर चौड़ा (डबल लेन) बनाया जाएगा।

PWD ने करीब 12 किलोमीटर लंबी इस सड़क के नवनिर्माण के लिए 40 करोड़ रुपए का एस्टीमेट तैयार किया है। इस नई योजना के तहत मार्ग के चौड़ीकरण के साथ-साथ राक्सा में सुक्कड़ नदी पर एक नए पुल का निर्माण भी किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग ईई विजय पटेल ने बताया कि टू लेन सड़क के लिए एस्टीमेट बनाया गया है, अभी प्रशासकीय स्वीकृति नहीं मिली है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *