फिरोज खान, चंद्रशेखर आजाद नगर

क्षेत्र के आजाद नगर भाबरा के अंतर्गत आने वाले ग्राम बोरकुंडिया में कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने 419.33 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित आदिवासी विकास विभाग के छात्रावास भवन का विधि-विधान से उद्घाटन किया। इस गरिमामयी समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्रवासियों और छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश के उन सभी छात्रावासों का जीर्णोद्धार और नए भवनों का निर्माण करा रही है जिनकी हालत खस्ता थी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को बेहतर माहौल देना है ताकि वे अच्छे से रहकर अपनी पढ़ाई पूरी कर सकें। इसके साथ ही उन्होंने घोषणा की कि बोरकुंडिया का यह आधुनिक छात्रावास इसी शैक्षणिक सत्र से प्रारंभ कर दिया जाएगा, जिससे स्थानीय छात्रों को पढ़ाई में बड़ी सहूलियत मिलेगी।

समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक माधुसिंह डावर ने कहा कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद से शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए हैं। इसी का परिणाम है कि आज आदिवासी वर्ग और गरीब तबके के बच्चे सर्वसुविधायुक्त छात्रावासों में रहकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। वहीं, भाजपा नेता विशाल रावत ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय शिक्षा व्यवस्था के हालात बेहद खराब थे, जबकि आज की सरकार छात्रों को हर संभव तरीके से आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। कार्यक्रम को भाजपा जिलाध्यक्ष मकु परवाल ने भी संबोधित किया। उद्घाटन कार्यक्रम के संपन्न होने के बाद कैबिनेट मंत्री सहित सभी वरिष्ठ नेता भाजपा बरझर मंडल अध्यक्ष लालसिंह चौहान के बोरकुंडिया स्थित निवास स्थान पर आयोजित विवाह समारोह में शामिल हुए और दूल्हे को उज्जवल भविष्य का आशीर्वाद दिया।

इस विशेष अवसर पर मंडल अध्यक्ष नारायण अरोड़ा, बरझर मंडल अध्यक्ष लालसिंह चौहान, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) विनोद कुमार कोरी, बीआरसी राजेंद्र बैरागी, सरपंच विक्रम ढाक, भूपेंद्र डावर, शांतिलाल प्रजापत, चंदूलाल साहू, मकनसिंह चौहान और धन्नालाल प्रजापत सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण जन मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *