जितेंद्र वाणी, नानपुर

श्री वीर दुर्गादास राठौड़ समिति, नानपुर के तत्वावधान में राठौड़ भवन में विशाल संगीतमय श्रीमद् भागवत महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह का शुभारंभ 2 अक्टूबर, शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा के साथ किया गया।

कथा वाचक पं. श्री अंतेश व्यास महाराज के श्रीमुख से कथा का वाचन किया जा रहा है। पहले दिन भागवत महात्म्य का व्याख्यान करते हुए उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा मनुष्य को ही नहीं, प्रेत आत्मा को भी मुक्ति देने वाली है। गोकर्ण की कथा का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रेत बने धुंधुकारी ने भी कथा सुनकर सद्गति प्राप्त की। उन्होंने कहा कि रामायण हमें आदर्श के साथ जीना सिखाती है, वहीं भागवत महापुराण हमें मरने की कला और मोक्ष का सुगम मार्ग सिखाती है। कलयुग में केवल राम नाम संकीर्तन और कृष्ण सुमिरन से ही सहज भक्ति व मोक्ष की प्राप्ति संभव है।

*भव्य कलश यात्रा में उमड़ा जनसैलाब*
कथा प्रारंभ से पूर्व ग्राम की सैकड़ों महिलाओं द्वारा कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा आयोजन स्थल से शुरू होकर ग्राम के मुख्य मार्गों से होते हुए पथवारी माता मंदिर पहुंची, वहां से जल भरकर ढोल-गाजे, बैंड-बग्गी के साथ वापस राठौड़ भवन पहुंची। समिति द्वारा तिलक, कुमकुम और पुष्प वर्षा से कलश यात्रा की अगवानी की गई। ग्रामवासियों ने घर-घर रंगोली, तोरण सजाकर भागवत पोथी की पूजा-अर्चना कर स्वागत किया।

राठौड़ समाज अध्यक्ष राजेश राठौड़ ने बताया कि कथा का समय रात्रि 8 से 11 बजे तक रखा गया है। कथा में परीक्षित बनने का सौभाग्य श्री लालचंद किशन राठौड़, बड़वानिया वालों को प्राप्त हुआ है।

*कथा के मुख्य प्रसंग:*
– *5 अक्टूबर (सोमवार):* श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
– *6 अक्टूबर (मंगलवार):* गोवर्धन पूजा
– *7 अक्टूबर (बुधवार):* कृष्ण-रुक्मणी विवाह
– *8 अक्टूबर (गुरुवार):* सुदामा चरित्र, राजा परीक्षित मोक्ष एवं कथा विश्राम, महाप्रसादी

कथा विश्राम के दिन 8 अक्टूबर को समय दोपहर 1 से 4 बजे तक रहेगा।

*स्थान:* राठौड़ भवन, नानपुर
*आयोजक:* श्री वीर दुर्गादास राठौड़ समिति, नानपुर

समिति ने समस्त ग्रामवासियों एवं समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर कथा का लाभ लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *