ब्रजेश श्रीवास्तव, छकतला कस्बे में लंबे समय से जनसुनवाई और चर्चा का विषय बने अतिक्रमण को लेकर नवीन नायब तहसीलदार डावर की अध्यक्षता में व्यापारी वर्ग के साथ अहम बैठक हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि रविवार हाट बाजार के दिन नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी सिसोदिया, चौकी प्रभारी राहुल चौहान, पटवारी, सरपंच सुरेश ठकराला, पंचायत सचिव और चौकीदार की मौजूदगी में बाजार में मुनादी कराई जाएगी। सभी दुकानदारों को प्रतिष्ठान सड़क से 3 फीट दूरी पर लगाने के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि चालानी कार्रवाई और जाम से बचा जा सके। ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए तय हुआ कि आलीराजपुर रोड पर बस व सवारी वाहन मार्केट से आगे खड़े होंगे, जबकि बखतगढ़ रोड पर पुल के पास वाहन खड़े कर सवारी बैठाई जाएगी। बैठक में संत रविदास कॉलोनी के रहवासियों ने रिहायशी गली में चल रहे मटन मार्केट को बंद करने या दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग रखी। वहीं, प्रशासन ने बाजार में जल्द स्पीड ब्रेकर बनाने की पुरानी मांग को भी मंजूरी दी। इसके अलावा अस्पताल में करीब दो माह से डिलीवरी बंद होने, रात में अस्पताल बंद रहने और एक डॉक्टर के भरोसे व्यवस्था चलने का मुद्दा भी उठा, जिस पर स्टाफ बढ़ाने की मांग की गई। बैठक में वकिलसिंह ठकराला, उपसरपंच अम्बी बामनिया, पेसा एक्ट अध्यक्ष ज्ञानजी भाई, जिला पेसा समन्वयक प्रवीण चौहान, रामू भाई डावर, वीरसिंह बाबा, रामा चौहान, मंगलसिंह भयडिया, पीयूष वाणी, इरफान मंसूरी, लक्ष्मीनारायण राठौड़, धर्मेंद्र राठौड़, अश्विन राठौड़, जोगेंद्र सस्तिया, मदन पंवार, मुकेश चौहान पटेल, अरुण कलेश, जशु चौहान, खुमसिंह सस्तिया सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे। Post navigation 40 दिवसीय भव्य तीर्थ यात्रा संपन्न: 12 राज्यों और नेपाल के प्रमुख धामों के दर्शन कर छकतला लौटे श्रद्धालु छकतला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डिलीवरी पॉइंट शुरू, प्रशासन ने ए.एन.एम. की अस्थाई पदस्थापना की