ब्रजेश श्रीवास्तव, छकतला

अंचल में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत पूरे हर्षोल्लास और उत्साह के साथ हुई। शासकीय उत्कृष्ट उच्च माध्यमिक विद्यालय सोंडवा और पीएम श्री कन्या हाई स्कूल छकतला में शाला प्रवेश उत्सव भव्य रूप से मनाया गया। इन आयोजनों में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और पुष्प वर्षा कर विद्यालय परिवार में स्वागत किया गया। कार्यक्रमों के दौरान शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया गया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मेधावी छात्राओं का सम्मान भी किया गया।

सोंडवा: शिक्षा के प्रति जन-जागरण का दिया सशक्त संदेश

शासकीय उत्कृष्ट उच्च माध्यमिक विद्यालय सोंडवा में आयोजित प्रवेश उत्सव में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि जयपालसिंह खरत की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ, जिससे पूरे परिसर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। अतिथियों और शिक्षकों द्वारा नवप्रवेशित विद्यार्थियों का तिलक एवं पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया।

बीआरसी सरदारसिंह चौहान एवं प्राचार्य गिरधारीलाल राठौड़ के कुशल मार्गदर्शन में शिक्षकों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया। साथ ही, अभिभावकों से भी अपने बच्चों को निरंतर शिक्षा से जोड़े रखने की अपील की गई। इस अवसर पर शिक्षक मुकेश खरत, विक्रम सस्तिया, कालूसिंह अखाड़िया, डोडवा सर, डूंगरसिंह डावर, मुकाम रावत, स्केल सर, पाताल सिंह चौहान और गौतम सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

छकतला: मेधावी छात्राओं का हुआ सम्मान, बांटी गईं निशुल्क पुस्तकें

पीएम श्री कन्या हाई स्कूल छकतला में शैक्षणिक सत्र 2026-27 का प्रवेश उत्सव उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विजय परमार द्वारा प्रस्तुत संगीतमय सरस्वती वंदना से हुई। ग्राम पंचायत छकतला के सरपंच और अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में संस्था की छात्राओं और अतिथियों ने नवीन प्रवेश लेने वाली छात्राओं का पुष्पमाला व तिलक से सम्मान किया। सरपंच सुरेश ठकराव ने सभी छात्राओं को नए सत्र की बधाई देते हुए कड़ी मेहनत कर अपने माता-पिता और गांव का नाम रोशन करने का संदेश दिया।

इस खास मौके पर बीते सत्र 2025-26 की टॉपर छात्राओं को भी पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इनमें कक्षा 6वीं से तनिष्का बामनिया व आलिया कुरैशी, 7वीं से मधुवंति चौहान व विलास, 8वीं से अमना व प्रितिका डावर और 9वीं से खुशनुमा मंसुरी व किंजल गरासिया शामिल रहीं। इसके अलावा कक्षा नर्सरी में प्रवेश लेने वाली नन्ही छात्राओं को सम्मानित कर उन्हें निशुल्क पुस्तकें भी वितरित की गईं।

कार्यक्रम में संस्था प्राचार्य छितुसिंह बामनिया, उपसरपंच आम्बी भाई, विजय परमार, ज्ञानजी चौहान, सीएसी अरविंद तोमर, लविन्द्र चौहान के साथ पालकगण और शिक्षक मोहन सिंह कनेश, जबरसिंह बारिया, जगदीश ठकराव, देवेन्द्र डावर, अंशुल वाघेला व विनेश भयड़िया सहित संस्था का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *