जैन सोश्यल ग्रुप : महावीर गादिया अध्यक्ष, अमित शाहजी सचिव मनोनीत

- Advertisement -

थांदला। जैन सोश्यल ग्रुप की साधारण सभा स्थानीय छोरिया टाउन शिप पर आयोजित की गई। सभा का प्रारम्भ नवकार मंत्र के जाप से किया गया। सभा की अध्यक्षता ग्रुप के अध्यक्ष ललित कांकरिया ने की। ग्रुप के पूर्वाध्यक्ष हितेश शाहजी ने बताया कि सभा मे बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक दंपतियों ने भाग लिया। वहीं ग्रुप के अध्यक्ष ललित कांकरिया एवं अन्य पदाधिकारियों का कार्यकाल पूर्ण होने पर नवीन पदाधिकारियों का चयन किया गया। जिसमें सर्वानुमति से महावीर गादिया को अध्यक्ष मनोनीत किया गया। वह इसके पूर्व सचिव पद की जिम्मेदारी बखूबी संभाल रहे थे। वहीं सचिव पद पर पूर्व पार्षद एवं जोन कॉर्डिनेटर अमित शाहजी को तथा अभिषेक मेहता जो कि पूर्व में सहसचिव पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, उन्हें कोषाध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।

नव मनोनीत अध्यक्ष महावीर गादिया एवं अमित शाहजी सचिव ने बताया कि शेष पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी का गठन शीघ्र ही किया जाएगा। ललित कांकरिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुझे आप सबने मिलकर ग्रुप का अध्यक्ष बनाया था और आप सभी के सहयोग से जितना हो पाया ग्रुप की गतिविधियां संचालित की है,कई कार्यक्रम आयोजित किए है। आप सभी से मिले सहयोग के लिये आप सभी का आभार व्यक्त करता हूं, साथ ही नव मनोनीत पदाधिकारियों का भी आप इसी प्रकार सहयोग करते रहे। सभी सदस्यों ने नव मनोनीत पदाधिकारियों को बधाई दी। इसी अवसर पर ग्रुप के निवर्तमान अध्यक्ष ललित ममता कांकरिया को उल्लेखनीय कार्यकाल के लिये संस्थापक अध्यक्ष हेमंत श्रीमाल, पूर्वाध्यक्ष हितेश शाहजी द्वारा शाल और माला पहनाकर सम्मानित किया गया। नव मनोनीत अध्यक्ष एवं सचिव ने कहा कि आप सभी के मागदर्शन से ग्रुप के आगामी कार्यक्रम समय समय पर आयोजित करेंगे। हम ग्रुप को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का पूरा प्रयास करेंगे, पर कार्य आप सभी सदस्यों के सहयोग से ही सम्भव हो पाएगा।