सुसाइड नोट में दो नामों का दावा, कार्रवाई की मांग लेकर परिजन पहुंचे एसडीओपी कार्यालय 

0

शान ठाकुर, पेटलावद

पेटलावद में पुराना अस्पताल परिसर में संदिग्ध अवस्था में मिले युवक के शव मामले में अब मृतक के परिजनों ने सवाल खड़े किए हैं। घटना को लगभग दो सप्ताह बीत जाने के बाद कार्रवाई की मांग लेकर परिजन आज एसडीओपी कार्यालय पहुंचे और न्याय की मांग की।

गौरतलब है कि 10 मई को पेटलावद के पुराने अस्पताल परिसर स्थित एक हड्डी रोग विशेषज्ञ चिकित्सक के बंगले के समीप मंगतू पिता शंकरलाल गवली निवासी पेटलावद का शव संदिग्ध अवस्था में मिला था। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का माना जा रहा था, लेकिन परिस्थितियां संदिग्ध होने से पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया था। इसी मामले को लेकर आज मृतक के पिता, पुत्र, भतीजा और जीजा एसडीओपी कार्यालय पेटलावद पहुंचे थे। परिजन अपने साथ मृतक युवक की तस्वीर भी लेकर आए थे और मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

मीडिया से चर्चा करते हुए परिजनों ने बताया कि युवक के शव के पास से पुलिस को एक सुसाइड नोट बरामद हुआ था, जिसे पुलिस ने विधिवत जब्त भी किया था। परिजनों का दावा है कि उन्हें जानकारी मिली है कि उक्त सुसाइड नोट में दो लोगों के नाम लिखे हुए हैं, लेकिन अब तक पुलिस द्वारा उन लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने मांग की कि जिन लोगों के नाम सुसाइड नोट में हैं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और उनके नाम सार्वजनिक किए जाएं।

हालांकि जब परिजन एसडीओपी कार्यालय पहुंचे, उस समय एसडीओपी, कार्यालय में मौजूद नहीं थे। कार्यालय स्तर से परिजनों को आश्वासन दिया गया कि पूरे मामले में जांच जारी है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अब इस पूरे मामले में पुलिस जांच और सुसाइड नोट की सच्चाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। मृतक के परिजनों की मांग है कि मामले का जल्द खुलासा हो ताकि उन्हें न्याय मिल सके। ‘ ‘ वही जब पेटलावद एसडीओपी सुश्री अनुरक्ति सबनानी से चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि सुसाइड नोट को जांच हेतु भेज दिया गया है। एक्सपर्ट स्तर से जांच जारी है। रिपोर्ट आने पर ही खुलासा हो पायेगा। यह जानना आवश्यक है कि वह सुसाईड नोट मृतक युवक ने ही लिखा था या नही। स्थिति स्पष्ट होने के बाद अगर कोई दोषी पाया जाता है। तो उस पर निश्चित ही कार्यवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.