पेटलावद हत्याकांड को लेकर सर्व समाज में उबाल, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

0

शान ठाकुर पेटलावद

अटल बस्ती में शनिवार की रात हुई चर्चित हत्या की घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को अखिल भारतीय क्षत्रिय सिरवी समाज एवं सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) पेटलावद के माध्यम से राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि धार जिले के सरदारपुर क्षेत्र से आए कुछ लोगों द्वारा पेटलावद की अटल बस्ती में सुनियोजित आपराधिक वारदात को अंजाम दिया गया। इस घटना में हरिराम पिता गोमाजी की कथित रूप से लाठी-डंडों से मारपीट कर हत्या कर दी गई, जबकि एक महिला भी गंभीर रूप से घायल हुई। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि घायल महिला के पुलिस के समक्ष दिए गए कथन में मुख्य आरोपी देवा पिता धायरिया सिंगार एवं उसके अन्य साथियों के नाम सामने आए हैं।

ज्ञापन में की गई प्रमुख मांगें

ज्ञापन में सर्व समाज ने प्रशासन से मांग की है कि—

आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं में हत्या, आपराधिक षड्यंत्र एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए।

मुख्य आरोपियों पर गैंगस्टर एवं अन्य कठोर कानूनी प्रावधान लागू किए जाएं।

सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।

घटना में शामिल प्रत्येक आरोपी के विरुद्ध निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर न्यायालय में मजबूत चालान प्रस्तुत किया जाए।

दोष सिद्ध होने पर आरोपियों को अधिकतम दंड (फांसी की सजा) दिलाने के लिए प्रभावी पैरवी की जाए।

पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता एवं सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।

भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कठोर कदम उठाए जाएं।

 *प्रशासन से न्याय की मांग* 

ज्ञापन सौंपने पहुंचे समाजजनों ने कहा कि इस जघन्य घटना से पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष, पारदर्शी और त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.