भारतीय स्त्री शक्ति द्वारा प्री-मैरिज काउंसलिंग “तेरे मेरे सपने” का सफल आयोजन किया

0

झाबुआ। शासकीय कन्या महाविद्यालय, झाबुआ में भारतीय स्त्री शक्ति,के इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को विवाह पूर्व मानसिक, सामाजिक, भावनात्मक एवं स्वास्थ्य संबंधी पहलुओं के प्रति जागरूक करना तथा सफल एवं संतुलित वैवाहिक जीवन के लिए आवश्यक जीवन मूल्यों से परिचित कराना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंजना सोलंकी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। डॉ. प्रीति त्रिपाठी ने कार्यक्रम की भूमिका प्रस्तुत करते हुए कहा कि स्त्री और पुरुष जीवनरूपी रथ के दो पहिए हैं। जब दोनों परस्पर विश्वास, सम्मान, सहयोग और समझदारी के साथ जीवन यात्रा तय करते हैं, तभी परिवार और समाज मजबूत बनता है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को विवाह पूर्व आवश्यक जीवन कौशल, जिम्मेदारियों तथा वैवाहिक जीवन की वास्तविकताओं से अवगत कराना है, जिससे वे भविष्य की चुनौतियों का सकारात्मक एवं परिपक्वता के साथ सामना कर सकें।

मुख्य वक्ता श्रीमती किरण शर्मा, राष्ट्रीय सचिव, भारतीय स्त्री शक्ति ने विवाह संस्कार की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते वैवाहिक विवाद और विवाह-विच्छेद चिंता का विषय हैं। इन परिस्थितियों से बचने के लिए केवल प्रेम ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि आपसी विश्वास, सम्मान, संवाद, समझदारी, धैर्य तथा जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को वैवाहिक जीवन के सामाजिक, भावनात्मक और नैतिक पक्षों पर विस्तार से मार्गदर्शन देते हुए सुखी, सशक्त एवं स्वस्थ परिवार के निर्माण का संदेश दिया।

अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. अंजना सोलंकी ने कहा कि सफल वैवाहिक जीवन का आधार अहंकार नहीं, बल्कि आपसी समझ, सहयोग, संवेदनशीलता और सम्मान है। उन्होंने छात्राओं को जीवन के प्रत्येक निर्णय को विवेकपूर्ण ढंग से लेने तथा परिवार में समरसता बनाए रखने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम का संचालन पूजा माथुर ने किया। संगठन की  जानकारी वंदना नायर ने दी,व स्वागत अमिता सिंह ने किया।संगठन गीत अर्चना सिसोदिया ने लिया। तथा अंत में संध्या कुलकर्णी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय की बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा विवाह पूर्व परामर्श से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर उपयोगी जानकारी प्राप्त की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.