सीसीटीवी कैमरे लगे स्थानों पर होगी चालानी कार्रवाई, सड़क सुरक्षा सप्ताह का समापन

- Advertisement -

अलीराजपुर, हमारे प्रतिनिधिः जिले में 5 से 12 जनवरी तक सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया गया। सप्ताह का समापन समारोह स्थानीय बस स्टैंड में सम्पन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्टर शेखर वर्मा, अध्यक्ष पुलिस अधीक्षक अखिलेश झा, विशेष अतिथि सीईओ जिला पंचायत अमरसिंह बघेल, नवोदय विद्यालय के प्राचार्य रामटेके, एसडीएमएमएल कनेल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

कानून सभी के लिए समान है:

समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि मानव जीवन बार-बार नहीं मिलता है। जीवन को सुरक्षित रखने के लिए यातायात के नियमों का सख्ती से पालन करना चाहिए। वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात नहीं करना चाहिए। कानून सभी के लिए समान है। कानून का सम्मान करना चाहिए। कानून के पालन को जनआंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता है। कोई भी परिवर्तन समाज द्वारा किया जाता है। यह परिवर्तन धीमी गति से होता है, लेकिन स्थायी प्रकृति का होता है। उन्होंने कहा कि नियम चाहे कितने भी बना लिए जावें। उनकी सार्थकता तभी है जब उन्हें हम अपने जीवन में उतारें। हम अपने अधिकारों के प्रति अधिक जागरूक है किन्तु यह जागरूकता अपने कर्तव्यों के प्रति उतनी अधिक नहीं है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सही राह दिखाने का काम शिक्षक करते है। शिक्षक विद्यार्थियों को सही राह दिखाए और आत्मानुशासन की सीख दें।

समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री झा ने कहा कि युवा वर्ग राष्ट्र का भविष्य हैं। यातायात के नियमों की जानकारी रखें। अपने परिवार एवं आस पड़ोस के लोगों को भी यातायात के नियमों की जानकारी दें। उन्हें नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। इससे शासन प्रशासन की अप्रत्यक्ष रूप से मदद होगी और दुर्घटना में कमी आएगी। जिले में अनेक चुनौतियां विद्यमान है। जिनका सामना करने में जनता का भरपूर सहयोग मिल रहा है।

Road Safety Week Jhabua

उन्होंने कहा कि जिले में गंभीर अपराधों में लगातार कमी आ रही है। जिले में साक्षरता दर की कमी के दृष्टिगत जन जागरूकता की आवश्यकता है। भविष्य में अलीराजपुर जिला प्रदेश का अग्रणी जिला होगा। जिले में भय और आतंक का खात्मा हो चुका है।

उन्होंने कहा कि जिले में वाहनों की ओव्हर लोडिंग को रोका जाएगा। इसके लिए आमजन एवं जनप्रतिनिधियों का सहयोग आवश्यक है। जिले में दुर्घटना संभावित स्थानों का चिन्हांकन किया जा रहा है। इन स्थानों पर बैरिकेट्स लगाया जाएंगे। उन्होंने बताया कि यातायात के नियम अंतर्गत चालानी कार्यवाही सीसीटीवी कैमरे लगे स्थानों पर की जाएगी जिससे पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने कहा कि यातायात के तीन सूत्र है, पहला सड़क अभियांत्रिकी, दूसरा यातायात नियमों का प्रशिक्षण और तीसरा यातायात नियमों को लागू कराना।

Road Safety Week Jhabua 02

समारोह में रक्षित निरीक्षक हिन्दूसिंह मुवेल ने कार्यक्रम के उद्देश्य एवं रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान जिले में विभिन्न गतिविधियां यातायात नियमों की जागरूकता हेतु आयोजित की गई जिनमें चित्रकला, निबंध प्रतियोगिता,भाषण प्रतियोगिता, वाहन रैली आदि गतिविधियां शामिल की गई।

समारोह को थाना प्रभारी श्री व्यास एवं परिवहन अधिकारी बिल्लोरे ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में विभिन्न गतिविधियों के प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन नसीम मकरानी तथा आभार डीएसपी सुश्री स्टेला सुलिया ने व्यक्त किया।