आलीराजपुर। जोबट विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बोरकुण्डिया तालाब फलिया में लंबे समय से लंबित सड़क निर्माण की गंभीर समस्या को लेकर पिछले दिनों ग्राम निवासी दीपक भाबर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने जोबट विधायक सेना महेश पटेल के निवास पहुंचकर अपनी पीड़ा व्यक्त की थी। ग्रामीणों ने विधायक को बताया था कि मुख्य मार्ग से तालाब फलिया तक लगभग दो सौ मीटर सड़क का निर्माण नहीं हो पाने के कारण बरसात के मौसम में फलिया के रहवासियों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कीचड़, जलभराव और फिसलन के कारण बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं एवं मरीजों का निकलना अत्यंत कठिन हो जाता है।
ग्रामीणों की इस मूलभूत समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक सेना महेश पटेल आज स्वयं बोरकुण्डिया तालाब फलिया पहुंचीं और मौके का निरीक्षण किया। विधायक के ग्राम पहुंचते ही ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा ग्रामवासियों ने फूलमाला पहनाकर उनका आत्मीय स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने बिना देर किए मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को तलब किया। विधायक के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता पटेल, तहसीलदार तोमर, एरीगेशन विभाग के एसडीओ, संबंधित पटवारी एवं बोरकुण्डिया सरपंच तत्काल स्थल पर पहुंचे। विधायक ने ग्रामीणों एवं अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से विस्तृत चर्चा की और वर्षों से चली आ रही विभागीय विसंगतियों तथा भूमि संबंधी अड़चनों को दूर करने के निर्देश दिए।
