आलीराजपुर में बिजली संकट को लेकर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, गांधीगिरी के साथ सौंपा ज्ञापन

0

आलीराजपुर। आलीराजपुर नगर में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और बदहाल विद्युत व्यवस्था के विरोध में आज कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल के नेतृत्व में कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश राठौर, राजेंद्र टावली, सुरेश शारडा, चीतल पवार, अजहर चंदेरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता विद्युत विभाग कार्यालय पहुंचे और गांधीगिरी के माध्यम से विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शनकारियों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों का माला पहनाकर एवं बैंड-बाजे के साथ स्वागत किया, इसके बाद नगर में व्याप्त गंभीर बिजली समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह शांतिपूर्ण विरोध जनता की पीड़ा और आक्रोश को प्रशासन तक सम्मानपूर्वक पहुंचाने का प्रयास है।

इस अवसर पर महेश पटेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रदेश में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। आलीराजपुर नगर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार अघोषित बिजली कटौती हो रही है। कई स्थानों पर विद्युत तार जर्जर अवस्था में हैं और उनकी समय पर मरम्मत नहीं की जा रही है।

उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के इस मौसम में आमजन, व्यापारी, विद्यार्थी, मरीज तथा छोटे बच्चों वाले परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली बाधित होने से पेयजल आपूर्ति, घरेलू कार्य, व्यापार और पढ़ाई सभी प्रभावित हो रहे हैं। जनता गर्मी से बेहाल है, जबकि जिम्मेदार अधिकारी स्थिति सुधारने के बजाय उदासीन बने हुए हैं।

महेश पटेल ने चेतावनी देते हुए कहा कि आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधीगिरी का रास्ता अपनाते हुए अधिकारियों को सम्मानपूर्वक माला पहनाकर ज्ञापन सौंपा है। यदि शीघ्र ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, अघोषित कटौती बंद नहीं हुई और खराब तारों को नहीं बदला गया, तो आने वाले दिनों में विद्युत विभाग कार्यालय का घेराव कर उग्र जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।

प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता की मूलभूत समस्याओं को लेकर संघर्ष करती रही है और आगे भी आमजन के हितों की रक्षा के लिए आवाज बुलंद करती रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.