झाबुआ लाइव के लिए थांदला रितेश गुप्ता की रिपोर्ट-
वर्ष प्रतिपदा गुड़ी पड़वा या यूं कहे की हिंदू मान्यताओं के अनुसार आगामी 29 मार्च को विक्रम संवत 2074 की शुरुआत हो रही है। आयोजन को लेकर समस्त हिन्दू समितियां इसे लेकर खासा उत्साहित है और अपने स्तर पर आयोजन को भव्यता प्रदान करने में लगी हुई है। इसी तारतम्य में हिन्दू नववर्ष उत्सव समिति के संचालक नीरज भट्ट, संजय भाबोर व समर्थ उपाध्याय ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि गुड़ी पड़वा की पूर्व संध्या पर सुमधुर भजन संध्या का आयोजन स्थानीय पिपली चौराहे पर सायं 7 बजे किया जाएगा जिसमे देश के ख्याति प्राप्त गायक विजय चौहान और उनकी टीम द्वारा भजन की सुमधुर प्रस्तुति दी जाएगी। आयोजन के दौरान नगर में दान-सेवा कार्य में सर्वोपरि आदर्श परिवारों के मुखिया को सन्मानित भी किया जाएगा। गुड़ी पड़वा के दिन 29 मार्च को प्रात: 9 बजे स्थानीय बावड़ी मंदिर से विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसी दिन से लगातार नौ दिनों तक विगत 18 वर्षो से लगातार धर्म प्रभावना करने वाले युवा रामायण मंडल द्वारा प्रात: 5.30 बजे प्रभातफेरी बड़े रामजी मंदिर से निकली जाएगी। तत्पश्चात महाआरती की जाएगी और नीम प्रसादी का वितरण किया जाएगा। इसी दिन से रात्रि 8 बजे से स्थानीय पिपली चौराहे पर नानीबाई को मायरो कथा वाचन राष्ट्रीय संत अयोध्या की शीतल दीदी के मुखारविंद से होगा।
मांस विक्रय-शराबबंदी के लिए सौंपा ज्ञापन-
हिन्दू नववर्ष उत्सव समिति के समस्त सदस्यों ने थाना परिसर में पहुंचकर कलेक्टर और अनुविभागीय अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि वातावरण स्वच्छ और निर्मल बने इस हेतु गुड़ी पड़वा के दिन नगर की समस्त मांस विक्रय और शराब की दुकानें बंद हो। ज्ञापन देने बड़ी संख्या में हिन्दू नववर्ष उत्सव समिति, आजाद पिपली गणेश मित्र मंडल, तिलक मित्र मंडल, युवा रामायण मंडल के समस्त कार्यकर्ताओं सदस्य उपस्थित थे। सभी संस्थाओं ने नगर की जनता से आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *