शिवा रावत, उमराली

आदिवासी बालक छात्रावास परिसर में आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर में ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत उमराली में करीब 20 लाख रुपए की लागत से बनी नाली के निर्माण पर सवाल उठाए। ग्रामीणों ने कलेक्टर नीतू माथुर को आवेदन सौंपकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराने और अनियमितता मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिविर में विभिन्न समस्याओं को लेकर कुल 415 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 407 का मौके पर ही निराकरण किया गया।

ग्रामीणों ने आवेदन में बताया कि नाली निर्माण में निर्धारित मापदंडों के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं किया गया, जिससे नाली जगह-जगह से टूटने लगी है। नाली की ढलान और गहराई सही नहीं होने से पानी की निकासी भी नहीं हो पा रही है। इसके कारण गंदा पानी जमा रहता है और मच्छरों के साथ बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराकर स्वीकृत एस्टीमेट और वास्तविक निर्माण का मिलान करने की मांग की। शिविर में जनपद पंचायत सोंडवा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बड़ी उतावली, बड़ी वेगलगांव, बिलझरी, चनोटा, छोटी वेगलगांव, चिखोड़ा, डाबड़ी, घोघलपुर, लोढ़नी, मोराजी और सागबारा के ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

इस अवसर पर कलेक्टर नीतू माथुर ने कहा कि जनविश्वास शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं और शिकायतों का त्वरित निराकरण करना है। शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ पहुंचे। शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष हजरीबाई खरत, एसपी समर वर्मा, जिला पंचायत सीईओ संघमित्रा गौतम, एसडीएम सविता चौहान, जनप्रतिनिधि विक्रम भयड़िया, दिलीप चौहान, उमराली सरपंच सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *