अर्पित चोपड़ा, खवासा

खवासा क्षेत्र में नर्मदा और माही का जल लाने के लिए दिया जा रहा धरना आज तीसरे दिन भी जारी है। क्षेत्रवासियों द्वारा आयोजित इस अनिश्चितकालीन धरने को व्यापक समर्थन मिलता दिखाई दे रहा है। धरने के दूसरे दिन आगे की रणनीति तैयार की गई। धरना स्थल पर सकल व्यापारी संघ द्वारा एक मीटिंग आयोजित कर सर्वसम्मति से इस धरना प्रदर्शन को पूर्ण समर्थन दिया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि 20 नवंबर शुक्रवार को खवासा के सभी व्यापारी धरने के समर्थन और नर्मदा माही पानी की माँग को लेकर अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान पूर्ण रूप से बंद रखेंगे। बंद के दौरान दूध और मेडिकल सेवा सुचारू रखने का निर्णय लिया गया। बाकी सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान पूर्णतः बंद रहेंगे। व्यापारी संघ के बैनर तले व्यापारियों ने धरना स्थल पर आवश्यक संसाधन पर होने वाले खर्च के लिए आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया।

*बढ़ती ठंड के बीच जारी है 24 घंटे धरना*

नर्मदा और माही के पानी की माँग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना दिन-रात जारी है। बढ़ती ठंड के बीच अपनी माँग को लेकर रात भी धरना स्थल पर ही बिता रहे है। उनका कहना है कि किसी भी ठोस कार्यवाही के बिना धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।

धरने के तीसरे दिन नायब तहसीलदार राजेश जमरा धरना स्थल पहुंचे और लोगों से बात की।

*विधायक ने किया समर्थन; मुख्यमंत्री को सौपा पत्र*

थांदला विधायक वीरसिंह भूरिया ने क्षेत्रवासियों की माँग का समर्थन किया है। प्रदेश किसान कांग्रेस के महासचिव नंदलाल मेण ने मीडियाकर्मियों को बताया कि विधायक वीरसिंह भूरिया ने स्वयं मुख्यमंत्री से मुलाक़ात कर नर्मदा-माही का पानी क्षेत्र को देने की बात रखी। इस बाबद उन्होंने एक पत्र भी मुख्यमंत्री को सौपा जिसमे उन्होंने लिखा कि खवासा क्षेत्र में इस माँग को लेकर धरना दिया जा रहा है, शीघ्र प्राक्कलन तैयार कर खवासा क्षेत्र को इसकी स्वीकृति दी जाए। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र के अन्य स्थानों को लाभ दिलाने की बात भी पत्र में लिखी। कांग्रेस नेता मेण ने कहा कि विधायक अभी भोपाल है वहाँ से लौटकर वे धरनाकारियों को समर्थन दे सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *