जितेंद्र वर्मा, जोबट

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 15 नवंबर को जोबट के कॉलेज चौराहे पर आयोजित विशाल जनसभा के बाद विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। विधायक सेना महेश पटेल के बयान के बाद अब भाजपा की ओर से भी पलटवार सामने आया है, जोबट में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र पटेल के दौरे के दौरान किशोर शाह ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए विधायक के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

दरअसल, मुख्यमंत्री के जोबट दौरे के बाद विधायक सेना महेश पटेल ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा था कि उनके सामने माधव सिंह डावर या विशाल रावत नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री भी सामने रहेंगे तो वे मुकाबला करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने यहां तक कहा था कि मुख्यमंत्री आएं या प्रधानमंत्री, जोबट की धरती पर सेना महेश पटेल ही जीतेंगी और उनका ही वर्चस्व रहेगा।

किशोर शाह का पलटवार, विकास कार्यों का श्रेय भाजपा सरकार को

विधायक के इस बयान पर किशोर शाह ने पलटवार करते हुए कहा कि अलीराजपुर जिले में लगातार जो भी विकास कार्य हुए हैं, उनमें केंद्र और राज्य सरकार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार क्षेत्र के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। किशोर शाह ने कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान और सांसद अनीता नागर सिंह चौहान के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से अलीराजपुर जिले में कई विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों का श्रेय विधायक सेना महेश पटेल ले रही हैं।

एक बयान से शुरू हुई सियासी जुबानी जंग

मुख्यमंत्री के दौरे के बाद विधायक सेना महेश पटेल के बयान और अब किशोर शाह के पलटवार ने जोबट की राजनीति को गरमा दिया है। एक तरफ विधायक ने अपने राजनीतिक वर्चस्व और मुकाबले को लेकर खुलकर बयान दिया, तो दूसरी तरफ भाजपा नेताओं ने विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस विधायक पर सवाल खड़े किए हैं। अब जोबट की सियासत में चर्चा इस बात की है कि आने वाले दिनों में कांग्रेस और भाजपा के बीच यह जुबानी जंग किस दिशा में आगे बढ़ती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *