भूपेंद्र नायक, पिटोल दीपावली के बाद भगत समाज द्वारा जिले के गांव-गांव में सत्संग और महाप्रसादी के आयोजन किए जा रहे हैं। आदिवासी समाज में वर्षों से चली आ रही इसी परंपरा के तहत ग्राम छोटी बावड़ी स्थित बेणेश्वर महादेव मंदिर पर भव्य सत्संग का आयोजन किया गया। इसमें गुजरात, राजस्थान और मध्यप्रदेश में पूजनीय संत शिरोमणि श्री गंगाराम महाराज ने अपने प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कृति और जीवन मूल्यों का संदेश दिया। आयोजन में गुजरात एवं झाबुआ जिले के सैकड़ों गांवों से भगत समाज के साथ सर्वसमाज के महिला-पुरुष बड़ी संख्या में शामिल हुए। सत्संग से पहले महाराज के अनुयायियों ने हिंदू सनातन संस्कृति और उसकी परंपराओं के बारे में विस्तार से बताया। प्रवचन में संत श्री गंगाराम महाराज ने कहा कि वर्तमान समय में काम, क्रोध, लोभ और मोह के कारण मनुष्य में अहंकार आ जाता है। वहम पाल लेता है कि वही सब कुछ है, जबकि भगवान की बनाई इस माया में किसी भी प्राणी को घमंड नहीं करना चाहिए। मनुष्य को अहंकार और वहम के कारण अपना जीवन बर्बाद नहीं करना चाहिए। अपने धर्म और राष्ट्र की रक्षा के संकल्प के साथ जीवन जीना चाहिए। महाराज ने कहा कि काम, क्रोध, मद और लोभ जैसे विकारों को त्यागकर सच्ची आस्था, लगन और समर्पण के साथ ईश्वर की आराधना करनी चाहिए। जिस प्रकार निर्मल जल प्राप्त करने के लिए कुएं से कचरा हटाना पड़ता है, उसी तरह अंतर्मन को स्वच्छ करने पर ही ईश्वर का साक्षात्कार संभव है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब समाज की कोई विशेष पहचान नहीं थी, लेकिन आज समाज के लोग सही रास्ते पर चलकर, धर्म जागरण के साथ शिक्षा प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में अच्छे कार्य कर रहे हैं। यह समाज में आए सकारात्मक बदलाव का परिणाम है। धर्मांतरित लोगों की मूल धर्म में वापसी का किया आह्वान महाराज ने आदिवासी समाज की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आदिवासी समाज आदि-अनादि काल से हिंदू धर्म का अनुयायी रहा है। समाज के लोग भोलेनाथ सहित अपने ग्राम देवताओं, पूर्वजों और प्रकृति की पूजा करते आए हैं। उन्होंने चिंता जताई कि कुछ लोग भोले-भाले आदिवासी समाज के लोगों को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन करा रहे हैं। उन्होंने समाजजनों से ऐसी ताकतों के प्रति सतर्क रहने और धर्म परिवर्तन कर चुके लोगों को वापस अपने मूल धर्म में लाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज इस देश का मूल निवासी है और अपनी प्रकृति पूजा, परंपराओं एवं देवताओं के प्रति आस्था को बनाए रखना जरूरी है। भूरिया भजनों में हुए शामिल कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष भानु भूरिया सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे। आयोजन में संतों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस दौरान कांतिलाल भूरिया स्वयं भजन गायन में शामिल हुए, जिससे श्रद्धालुओं का उत्साह दोगुना हो गया। भजन और झांझ-मंजीरों की धुन पर भक्त भावविभोर होकर झूमने लगे। अंत में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों महिला-पुरुषों ने महाप्रसादी ग्रहण की। Post navigation 5 क्विंटल सब्जियों से बनी महाप्रसादी का हुआ वितरण; 35 वर्षों से लगातार हो रहा अन्नकूट