फिरोज खान, आलीराजपुर

जननायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज, 15 नवंबर को धार जिले के डही में मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम होने जा रहा है। इस विशेष आयोजन में राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य रूप से शामिल होंगे, वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़कर प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे।

सिंचाई परियोजना और विकास कार्यों की मिलेगी सौगात

पुलिस ग्राउंड, डही में आयोजित इस मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नवनिर्मित ‘डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना’ का लोकार्पण करेंगे। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के शुरू होने से धार और आलीराजपुर जिले के हजारों किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सकेगा। इसके साथ ही जनजातीय अंचलों के समग्र विकास के लिए कई अन्य निर्माण और विकास कार्यों की सौगात भी दी जाएगी।

दोपहर में जोबट भी पहुंचेंगे मुख्यमंत्री

डही के कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आलीराजपुर जिले के जोबट में जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री रविवार दोपहर 1:30 बजे हेलीकॉप्टर से जोबट पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर ग्राम रणबयड़ा में विशेष हेलीपैड तैयार किया गया है, जहाँ प्रशासन द्वारा सुरक्षा और स्वागत के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *