जितेंद्र वर्मा, जोबट

नगर परिषद जोबट के वार्ड क्रमांक 15 में स्थित सार्वजनिक सुलभ शौचालय की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर खबर प्रकाशित होने के बाद नगर परिषद प्रशासन हरकत में आया। खबर सामने आने के महज दो घंटे के भीतर नगर परिषद की सीएमओ मौके पर पहुंचीं और शौचालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

खबर प्रकाशित होने के बाद शौचालय के बाहर महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग पहचान चिह्न (चित्र) बनाए गए। साथ ही शौचालय के बाहर ‘सार्वजनिक शौचालय’ भी लिखवाया गया, ताकि यहां आने वाले नागरिकों और यात्रियों को इसकी पहचान करने में परेशानी न हो। मौके पर पहुंचीं सीएमओ ने पानी की समस्या का जल्द से जल्द निराकरण करने, नियमित साफ-सफाई का ध्यान रखने और शौचालय परिसर के आसपास उगी झाड़ियों को हटवाने के भी निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

गौरतलब है कि इससे पहले शौचालय के बाहर महिला-पुरुष के अलग-अलग संकेतक और पहचान बताने वाला बोर्ड नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस संबंध में शौचालय संचालक ने भी अपनी समस्याएं बताई थीं। खबर प्रकाशित होने के बाद नगर परिषद की ओर से की गई यह कार्रवाई चर्चा में है। हालांकि पानी की पर्याप्त व्यवस्था, नियमित सफाई, और संचालक के बकाया मेहनताने जैसी समस्याओं का वास्तविक निराकरण होना अभी बाकी है।

अब देखना होगा कि नगर परिषद प्रशासन इन निर्देशों पर कितनी जल्दी अमल करता है और सार्वजनिक शौचालय की बाकी व्यवस्थाएं कब तक दुरुस्त होती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *