जितेंद्र वाणी, नानपुर

आलीराजपुर जिले के नानपुर स्थित दत्त कॉलोनी में लगभग 25 लाख रुपये की लागत से बन रही नाली के निर्माण में सामग्री के उपयोग पर सवाल उठ रहे है। ग्रामीणों का आरोप है कि एस्टीमेट के विपरीत कार्य किया जा रहा है। ठेकेदार पर समय पर कार्य पूरा न करने और भारी लेटलतीफी के आरोप लग रहे हैं।

निर्माण कार्य के चलते पिछले करीब दो महीने से मुख्य बाजार की गली को बंद कर दिया गया है। यह मार्ग अस्पताल, हाई स्कूल और सरस्वती ज्ञान दीप स्कूल जाने का मुख्य रास्ता है। नाली निर्माण के दौरान गंदा पानी जमा होने से उसमें स्थानीय बच्चों के गिरने का मामला भी सामने आ चुका है, बावजूद इसके निर्माण कार्य फिलहाल बंद पड़ा है।

लंबे समय से मार्ग बंद होने के कारण कई दुकानदार और मोहल्लेवासी भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। वहीं, इसी गली में एक बिजली का पोल भी गिरा हुआ है, जिस पर बिजली विभाग ध्यान नहीं दे रहा है। विभाग की यह लापरवाही किसी बड़ी दुर्घटना को न्योता दे रही है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए, निर्माण कार्य एस्टीमेट के अनुसार सुनिश्चित किया जाए और बंद पड़े काम को जल्द से जल्द पूरा कर रास्ता खोला जाए।

इस पूरे मामले में ग्राम पंचायत नानपुर के सचिव रूप सिंह चोगड़ का कहना है कि दत्त कॉलोनी में बंद पड़ा नाली निर्माण कार्य जल्द ही दोबारा चालू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नाली के लिए लोहे की जाली बनने के लिए दी गई है और एक-दो दिन में रास्ता आम जनता के लिए चालू कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *