बुरहान बंगड़वाला, खरडू बड़ी

खरडू बड़ी। झाबुआ जिले के ग्राम खरडू बड़ी स्थित उपस्वास्थ्य केंद्र का झाबुआ एसडीएम महेश मंडलोई ने अनौपचारिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र पर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों को दी जाने वाली दवाइयों, टीकाकरण व्यवस्था और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की उपस्थिति सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उपस्वास्थ्य केंद्र पर उपस्थित सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) मायावती डामोर से एसडीएम मंडलोई ने ओपीडी के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मरीजों के स्वास्थ्य परीक्षण, उन्हें दी जाने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं तथा उपचार के दौरान उपलब्ध कराई जाने वाली दवाइयों के बारे में विस्तार से पूछा। साथ ही, केंद्र पर आने वाले मरीजों को किस प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, इसकी भी जानकारी ली। इसी के साथ ही उपस्वास्थ्य केंद्र पर मौजूद दवाओं की जानकारी लेते हुए उनकी एक्सपायरी डेट भी देखी गई।

*एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति के बारे में पूछा*

एसडीएम महेश मंडलोई ने उपस्वास्थ्य केंद्र पर पदस्थ अन्य नर्सिंग स्टाफ (एएनएम/एनएम) और आशा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति के संबंध में भी जानकारी ली। इस पर सीएचओ मायावती डामोर ने बताया कि एनएम अवकाश पर हैं, जबकि आशा कार्यकर्ता ग्राम पंचायत में ग्राम सभा है वहाँ गए हुए हैं।

*टीकाकरण व्यवस्था की भी ली जानकारी*

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने टीकाकरण व्यवस्था को लेकर भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पूछा कि उपस्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत टीकाकरण कब-कब आयोजित किया जाता है और निर्धारित समय पर बच्चों एवं अन्य पात्र हितग्राहियों को टीके लगाने की क्या व्यवस्था है। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य गतिविधियों की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

*परिसर में गंदगी और दुर्गंध की समस्या से कराया अवगत*

सीएचओ मायावती डामोर ने एसडीएम महेश मंडलोई को बताया कि पिछले कुछ दिनों से कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा उपस्वास्थ्य केंद्र परिसर में पॉलिथीन में मुर्गे की खाल और अन्य वेस्ट मांस भरकर पॉलीथिन में फेंक रहे हैं। इसके चलते परिसर में दुर्गंध फैल रही है, जिससे मरीजों, उनके साथ आने वाले लोगों और स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सीएचओ ने इस समस्या से निजात दिलाने के लिए एसडीएम से आवश्यक कार्रवाई की मांग की और मामले की जानकारी दी। एसडीएम महेश मंडलोई ने मामले की जांच के निर्देश देने की बात कही।

*सहकारी संस्था में खाद का निरीक्षण*

इसके बाद एसडीएम ने आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था का निरीक्षण कर खाद की उपलब्धता एवं संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। किसानों को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिहाज से यह निरीक्षण महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस दौरान सोसायटी पर उपस्थित मैनेजर मांगीलाल चोपड़ा, खेलसिंग डामोर, जगदीश ,रतन वसुनिया, राजेन्द्र भुरिया मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *