जितेंद्र वाणी, नानपुर
श्री वीर दुर्गादास राठौड़ समिति, नानपुर के तत्वावधान में राठौड़ भवन में विशाल संगीतमय श्रीमद् भागवत महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह का शुभारंभ 2 अक्टूबर, शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा के साथ किया गया।
कथा वाचक पं. श्री अंतेश व्यास महाराज के श्रीमुख से कथा का वाचन किया जा रहा है। पहले दिन भागवत महात्म्य का व्याख्यान करते हुए उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा मनुष्य को ही नहीं, प्रेत आत्मा को भी मुक्ति देने वाली है। गोकर्ण की कथा का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रेत बने धुंधुकारी ने भी कथा सुनकर सद्गति प्राप्त की। उन्होंने कहा कि रामायण हमें आदर्श के साथ जीना सिखाती है, वहीं भागवत महापुराण हमें मरने की कला और मोक्ष का सुगम मार्ग सिखाती है। कलयुग में केवल राम नाम संकीर्तन और कृष्ण सुमिरन से ही सहज भक्ति व मोक्ष की प्राप्ति संभव है।
