आलीराजपुर। सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत वड़नगर-वाराणसी सेवा यात्रा का दाहोद से अलीराजपुर जिले में सेजवाड़ा के माध्यम से आगमन हुआ। जिले में प्रवेश पर यात्रा का विभिन्न स्थानों पर आत्मीय स्वागत किया गया। यात्रा दल ने रात्रि विश्राम आईटीआई सेजवाड़ा में किया। इसके पश्चात सेजवाड़ा में आयोजित बच्चों से संवाद कार्यक्रम में यात्रा दल के सदस्यों ने सहभागिता कर बच्चों से संवाद किया।
यात्रा के दौरान चंद्रशेखर आजाद नगर स्थित आजाद कुटिया पहुंचकर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद आजाद ग्राउंड में आयोजित स्वच्छता अभियान में यात्रा दल ने सहभागिता की। तत्पश्चात यात्रा दल कानाकाकड़ स्थित सांदीपनि विद्यालय पहुंचा, जहां वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने यात्रा दल से भेंट कर यात्रा के उद्देश्य एवं कार्यक्रमों की जानकारी ली तथा आगे की यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके बाद यात्रा उदयगढ़ पहुंची, जहां स्वच्छता अभियान के साथ मांगलिक भवन में हितग्राही संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां यात्रा दल ने स्थानीय नागरिकों एवं हितग्राहियों से संवाद किया। इसके पश्चात यात्रा बोरी होते हुए धार जिले के ग्राम टांडा के लिए रवाना हुई।
