जनपद सीईओ ने की स्वच्छता अभियान की शुरुआत, स्वयं सहायता समूहों ने की राशि न मिलने की शिकायत

0

जितेंद्र वाणी, नानपुर

आलीराजपुर जिले के नानपुर में जनपद पंचायत सीईओ प्रिया काग ने आज गांधी तिराहे पर खुद झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। इसी दौरान नानपुर सेक्टर के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े ‘स्वयं सहायता समूहों’ की अध्यक्ष और सचिवों ने सीईओ से अपनी समस्याओं की मौखिक शिकायत की।

महिलाओं ने बताया कि नानपुर के अंतर्गत संचालित ‘चंद्रशेखर आजाद समूह फाटा’ सहित अन्य समूहों को पिछले 11 माह से राशि नहीं मिल रही है। कुछ समूहों के खातों में पूरे महीने के मात्र 20 से 65 रुपये भेजे गए हैं। महिलाओं ने रोष जताते हुए कहा कि पूरे महीने बच्चों को भोजन और नाश्ता कराने के बाद भी इतनी कम राशि दी जा रही है, जबकि 20 रुपये में एक दिन का पानी भी नहीं आता। इसके अलावा, महिलाओं ने वर्षों से ‘सांझा चूल्हा’ योजना के तहत मिलने वाली 400 रुपये की मासिक राशि भी न मिलने की शिकायत दर्ज कराई है। जिस वक्त सीईओ नानपुर में थी तब कचरा वाहन भी स्टार्ट नहीं हो रहा था, वाहन को धक्का मारकर चालू करना पड़ा।

सीईओ को ग्रामीणों ने शिकायत की कि जगह-जगह गंदगी है। उन्होंने कहा सभी जगह अभियान चलेगा, उन्होंने ग्रामीणों और दुकानदारों को भी गंदगी ना फैलाने की समझाइश दी। ग्रामीणों ने सार्वजनिक शौचालय को भी जल्द बनाने की मांग की। महिला एवं बाल विकास विभाग की सेक्टर प्रभारी शोभा भिंडे, सरपंच सकरी समरथ सिंह मोर्य, जनपद स्वच्छता अभियान के अधिकारी भी मौजूद रही।

अधिकारियों से भी की शिकायत

चंद्रशेखर आजाद समूह फाटा के सदस्य सहित अन्य लोगों ने भी कई बार राशि नहीं आने की शिकायत की। जिला स्तरीय अधिकारियों तक को शिकायत की जा चुकी है। लेकिन अब तक निराकरण नहीं हुआ। अधिकारियों ने पहले कहा था कि 15 अगस्त तक जो भी समस्या है उसका निराकरण हो जाएगा, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ। समूह का कहना है कि नियमित राशि नहीं आती है। हर बार साल से छह महीने में राशि का भुगतान है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.