अग्निकांड पीड़ित परिवार के लिए कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने की आर्थिक मदद एवं राहत सामग्री की घोषणा

0

आलीराजपुर। ग्राम कुंडवाट के भयड़ी फलिया में नमला पिता वेचन के घर में बीती रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। इस अग्निकांड में परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

घटना की जानकारी मिलने पर कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान के प्रतिनिधि दिलीप चौहान, भारतीय जनता पार्टी छकतला मंडल अध्यक्ष गोविंद आवासिया, वरिष्ठ भाजपा नेता नरिंग मोरी एवं पूर्व सरपंच गमता तोमर ग्राम कुंडवाट के भयड़ी फलिया पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित नमला पिता वेचन एवं उनके परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। परिवार की स्थिति को देखते हुए प्रतिनिधिमंडल द्वारा कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान को घटना से अवगत कराया गया। कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देते हुए पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने तथा तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार और संगठन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है तथा परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि आगजनी की इस दुखद घटना से परिवार को हुई क्षति अत्यंत पीड़ादायक है। ऐसे कठिन समय में पीड़ित परिवार को राहत एवं सहयोग प्रदान करना हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है। इस दौरान स्थानीय ग्रामीण एवं भाजपा कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.