फर्जी रजिस्ट्री मामले में मुख्य आरोपी डॉ. नरसिंह डाबी ने कोर्ट में किया सरेंडर

0

शान ठाकुर, पेटलावद
फर्जी रजिस्ट्री एवं कथित फर्जी दस्तावेज तैयार करने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे डॉक्टर नरसिंह डाबी ने आखिरकार आज न्यायालय में सरेंडर कर दिया। डाबी के कोर्ट में आत्मसमर्पण के साथ ही मामले में एक नया महत्वपूर्ण मोड़ सामने आया है। बताया जा रहा है कि मामले में पुलिस द्वारा पूर्व में ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी के रूप में नाम सामने आए डाबी की गिरफ्तारी लंबे समय से लंबित थी।

फर्जी रजिस्ट्री मामले में नाम सामने आने के बाद से ही डॉक्टर नरसिंह डाबी पुलिस की पकड़ से बाहर था। मामले में पुलिस द्वारा लगातार जांच की जा रही थी और अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई। अब डाबी द्वारा स्वयं न्यायालय के समक्ष उपस्थित होकर सरेंडर किए जाने के बाद पुलिस जांच में आगे की कार्रवाई को लेकर भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार
मामले में पुलिस द्वारा पूर्व में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों में शासकीय शिक्षक आशाराम भूरिया सहित अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। आरोप है कि फर्जी रजिस्ट्री एवं दस्तावेज तैयार करने की पूरी प्रक्रिया में अलग-अलग लोगों की भूमिका रही। हालांकि किस आरोपी की क्या भूमिका रही और आरोपों की वास्तविकता क्या है, इसका अंतिम निर्धारण पुलिस जांच एवं न्यायालयीन प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा।

डाबी के सरेंडर से खुल सकते हैं कई राज –
डॉक्टर नरसिंह डाबी के न्यायालय में सरेंडर करने के बाद अब पुलिस पूछताछ और जांच में मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों के सामने आने की संभावना है। कथित फर्जी रजिस्ट्री तैयार करने, दस्तावेजों में छेड़छाड़, फोटो एडिटिंग तथा अन्य दस्तावेजी प्रक्रिया में किन-किन लोगों की भूमिका रही, यह जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा हो सकता है।
पूर्व में शिकायतकर्ता द्वारा वोटर कार्ड में कथित छेड़छाड़, फोटो बदलने तथा फोटो एडिट कर कथित फर्जी रजिस्ट्री में इस्तेमाल किए जाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे।

अब इस बात का भी खुलासा हो सकेगा कि कथित फर्जी रजिस्ट्री तैयार करने की पूरी प्रक्रिया कैसे हुई, इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे और दस्तावेजों एवं फोटो से कथित छेड़छाड़ किस स्तर पर की गई। मामले में उपलब्ध दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड, कंप्यूटर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच भी महत्वपूर्ण हो सकती है।
कोर्ट में आगामी कार्रवाई जारी
डॉक्टर नरसिंह डाबी के न्यायालय में सरेंडर करने के बाद अब न्यायालय द्वारा मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई, पूछताछ अथवा अन्य कानूनी प्रक्रिया न्यायालय के आदेश के अनुसार होगी।

फिलहाल डाबी के सरेंडर से लंबे समय से चर्चित इस मामले में एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब मुख्य आरोपी बताए जा रहे डॉक्टर नरसिंह डाबी के कोर्ट में सरेंडर करने से मामले की जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और किन नए नामों या तथ्यों का खुलासा होता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं। बताया जा रहा है की पुलिस कोर्ट से पुलिस रिमांड लेने का प्रयास कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.