तेज रफ्तार बाइक ने पुलिया पर बैठे युवकों को मारी टक्कर, 6 लोग घायल

0

जितेंद्र वाणी, नानपुर
नानपुर थाना क्षेत्र के ठाकुर फलिया में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक अनियंत्रित मोटरसाइकिल ने पुलिया पर बैठे युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। यह दुर्घटना 9 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 12 बजे घटित हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, धार जिले के निवासी अनिल, महेश, भुरसिंह और रोहित आदिवासी दिवस के अवसर पर यहां आए थे और पुलिया के किनारे बैठकर बातचीत कर रहे थे।
इसी दौरान पटेल फलिया की ओर से आ रही मोटरसाइकिल (एमपी 69 एमडी 8721) के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों युवक और बाइक पर सवार महिला सुमलीबाई व एक अन्य युवक हरि भी पुलिया के नीचे गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद राहगीरों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिससे सभी घायलों को सरकारी अस्पताल नानपुर लाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत के चलते अनिल, रोहित और महेश को बड़वानी के निजी अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के पश्चात 14 अगस्त को महेश व रोहित को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, लेकिन अनिल का उपचार अभी भी जारी है। पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट और बयानों के आधार पर घटना के छह दिन बाद 15 अगस्त 2026 को दोपहर 14:18 बजे (2:18 बजे) आरोपी बाइक चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 281 और 125(ए) के तहत एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.