भूपेंद्र नायक, पिटोल
मध्य प्रदेश शासन द्वारा 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक चलाए जा रहे 5 माह तक चलने वाले ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’ के तहत झाबुआ जिले के पिटोल में एक विशाल जन शिविर का आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर योगेश तुकाराम भरसट के दिशा-निर्देशन में प्रशासनिक अमले ने पिटोल सहित आसपास की ग्राम पंचायतों का दौरा किया। शिविर में अधिकारियों ने शासकीय एवं गैर-शास्त्रीय संस्थाओं का निरीक्षण कर आमजन की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही कनिष्ठ कर्मचारियों को तुरंत निराकरण के निर्देश जारी किए।

झाबुआ एसडीएम महेश मंडलोई, डिप्टी कलेक्टर सुनील डावर और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में प्रशासनिक दल सबसे पहले पिटोल-बैतूल-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा। अधिकारियों ने प्रसूति एवं जनरल वार्ड में भर्ती मरीजों से सीधी चर्चा की और स्वास्थ्य केंद्र परिसर में पेयजल समस्या के त्वरित समाधान के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) के अधिकारी दयाल राठौर को निर्देशित किया।
इसके बाद दल ने शासकीय पशु चिकित्सालय, शासकीय खाद्य वितरण केंद्र (उचित मूल्य दुकान) और प्रेमाशिष गैस एजेंसी का जायजा लिया। खाद्य अधिकारी के. पाटिल को शासकीय विभागों में एलपीजी सिलेंडर आपूर्ति तथा उचित मूल्य दुकानों पर गुणवत्तायुक्त अनाज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था में खाद वितरण की व्यवस्था की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अब ई-टोकन प्रणाली समाप्त कर किसानों को उनकी भूमि के रकबे के अनुसार खाद प्रदान किया जा रहा है।
हायर सेकेंडरी स्कूल पिटोल में संचालित आधार सेंटर का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने सर्विस प्रोवाइडर से शुल्क तथा सेवाओं की जानकारी ली। निर्देश दिए गए कि नाम, जन्म तिथि और फोटो अपडेट जैसी प्रक्रियाओं को सुचारू और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाए।
