भूपेंद्र नायक, पिटोल मध्य प्रदेश शासन द्वारा 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक चलाए जा रहे 5 माह तक चलने वाले ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’ के तहत झाबुआ जिले के पिटोल में एक विशाल जन शिविर का आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर योगेश तुकाराम भरसट के दिशा-निर्देशन में प्रशासनिक अमले ने पिटोल सहित आसपास की ग्राम पंचायतों का दौरा किया। शिविर में अधिकारियों ने शासकीय एवं गैर-शास्त्रीय संस्थाओं का निरीक्षण कर आमजन की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही कनिष्ठ कर्मचारियों को तुरंत निराकरण के निर्देश जारी किए। झाबुआ एसडीएम महेश मंडलोई, डिप्टी कलेक्टर सुनील डावर और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में प्रशासनिक दल सबसे पहले पिटोल-बैतूल-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा। अधिकारियों ने प्रसूति एवं जनरल वार्ड में भर्ती मरीजों से सीधी चर्चा की और स्वास्थ्य केंद्र परिसर में पेयजल समस्या के त्वरित समाधान के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) के अधिकारी दयाल राठौर को निर्देशित किया। इसके बाद दल ने शासकीय पशु चिकित्सालय, शासकीय खाद्य वितरण केंद्र (उचित मूल्य दुकान) और प्रेमाशिष गैस एजेंसी का जायजा लिया। खाद्य अधिकारी के. पाटिल को शासकीय विभागों में एलपीजी सिलेंडर आपूर्ति तथा उचित मूल्य दुकानों पर गुणवत्तायुक्त अनाज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आदिम जाति सेवा सहकारी संस्था में खाद वितरण की व्यवस्था की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अब ई-टोकन प्रणाली समाप्त कर किसानों को उनकी भूमि के रकबे के अनुसार खाद प्रदान किया जा रहा है। हायर सेकेंडरी स्कूल पिटोल में संचालित आधार सेंटर का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने सर्विस प्रोवाइडर से शुल्क तथा सेवाओं की जानकारी ली। निर्देश दिए गए कि नाम, जन्म तिथि और फोटो अपडेट जैसी प्रक्रियाओं को सुचारू और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाए। स्कूल परिसर के निरीक्षण के दौरान मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता जांची गई और कन्या मिडिल स्कूल के खराब हैंडपंप में मोटर डालकर जलापूर्ति बहाल करने के आदेश दिए गए। प्राचार्य व शिक्षकों से संवाद करते हुए 97 में से बची हुई साइकिलों को शीघ्र पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचाने और अनुपस्थित बच्चों के घर जाकर संपर्क करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने क्लासरूम में जाकर छात्रों से गणित, विज्ञान जैसे विषयों पर चर्चा भी की। अतिक्रमण और पेयजल संकट पर पैदल भ्रमण कर लिया जायजा पिटोल नगर के बस स्टैंड से कुंदनपुर चौराहे तक प्रशासनिक अमले ने पैदल भ्रमण कर स्थिति देखी। आमजन द्वारा प्रमुखता से उठाई गई अतिक्रमण की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए अतिक्रमणकर्ताओं को तुरंत अपना अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी गई। वर्षों पुरानी गोजियारा डैम नल-जल योजना के बार-बार बाधित होने की समस्या पर PHE अधिकारी दयाल राठौर ने आश्वस्त किया कि आगामी 4 माह के भीतर विद्युत लाइन और पाइपलाइन सुदृढ़ीकरण का कार्य पूरा कर जल समस्या का स्थायी समाधान कर दिया जाएगा। कालाखूंट और भीमफालिया पंचायत में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं पिटोल नगर भ्रमण के बाद प्रशासनिक दल ग्राम पंचायत कालाखूंट पहुंचा, जहां भीमफालिया और कालाखूंट के ग्रामीणों ने निजी भूमि, फॉरेस्ट विभाग से जुड़े मुद्दों, जर्जर सड़कों, बिजली आपूर्ति तथा नल-जल योजना संबंधी समस्याओं के आवेदन सौंपे। अधिकारियों ने मौके पर ही शिकायतों को सूचीबद्ध कर जल्द से जल्द पारदर्शी निराकरण का आश्वासन दिया। अभियान के मुख्य उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई, समग्र आईडी ई-केवाईसी, पीएम आवास योजना, संबल योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा दिव्यांग पेंशन से जुड़े आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जा रहा है। इस अवसर पर झाबुआ एसडीएम महेश मंडलोई, डिप्टी कलेक्टर सुनील डावर, जनपद पंचायत सीईओ चंद्र सिंह नागरिक, खाद्य विभाग से के. पाटिल, PHE से दयाल राठौर तथा कृषि विभाग से SDO विजय सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे। Post navigation डॉ. जगदीश खतेड़िया का संदेश: “पर्यावरण संरक्षण के लिए हर व्यक्ति करे पौधरोपण” पिटोल के संकट मोचन सिद्ध हनुमान मंदिर परिसर में 2500 वर्ग फीट में बनेगी सर्वसुविधायुक्त धर्मशाला