लोहित झामर, मेघनगर
ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने और जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से मेघनगर एसडीएम अवनधती प्रधान ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ रम्भापुर, देवीगढ़ सहित आसपास के गांवों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान खाद वितरण केंद्र, उचित मूल्य की दुकान, शासकीय विद्यालय, मंदिर परिसर तथा पेयजल व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने रम्भापुर के बड़ा राम मंदिर एवं छोटा राम मंदिर के साथ देवीगढ़ स्थित शिव मंदिर, हनुमान मंदिर और अंबे माता मंदिर का निरीक्षण किया। पुजारियों एवं मंदिर समिति के सदस्यों से चर्चा कर मंदिर प्रबंधन, समिति गठन तथा विकास कार्यों की जानकारी ली। मंदिरों की भूमि का भी परीक्षण किया गया तथा अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। रम्भापुर के छोटा राम मंदिर के जीर्णोद्धार एवं भवन निर्माण की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई।
