लोहित झामर, मेघनगर ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने और जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से मेघनगर एसडीएम अवनधती प्रधान ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ रम्भापुर, देवीगढ़ सहित आसपास के गांवों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान खाद वितरण केंद्र, उचित मूल्य की दुकान, शासकीय विद्यालय, मंदिर परिसर तथा पेयजल व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने रम्भापुर के बड़ा राम मंदिर एवं छोटा राम मंदिर के साथ देवीगढ़ स्थित शिव मंदिर, हनुमान मंदिर और अंबे माता मंदिर का निरीक्षण किया। पुजारियों एवं मंदिर समिति के सदस्यों से चर्चा कर मंदिर प्रबंधन, समिति गठन तथा विकास कार्यों की जानकारी ली। मंदिरों की भूमि का भी परीक्षण किया गया तथा अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। रम्भापुर के छोटा राम मंदिर के जीर्णोद्धार एवं भवन निर्माण की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। एसडीएम ने शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल रम्भापुर का निरीक्षण कर कक्षाओं में विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने छात्रों की पढ़ाई, शिक्षकों की उपस्थिति एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले शिक्षकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं माध्यमिक विद्यालय काजलीडूंगरी में निरीक्षण के दौरान समय से पूर्व विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के विद्यालय छोड़ने तथा निर्धारित मेन्यू के अनुसार मध्यान्ह भोजन नहीं मिलने पर इस पर एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। रम्भापुर स्थित खाद वितरण केंद्र पर भी एसडीएम ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि केंद्र पर पंजीकृत 960 किसानों में से 514 किसानों को ई-टोकन के माध्यम से खाद वितरित की जा चुकी है। एसडीएम ने किसानों से चर्चा कर वितरण व्यवस्था की जानकारी ली और प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पेयजल व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। एसडीएम ने अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं बेहतर बनाए रखने तथा जनहित से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन की इस पहल को ग्रामीण क्षेत्रों में व्यवस्थाओं के सुधार और सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। Post navigation पद्मावती नदी में मिला युवक का शव, पुल पर खड़ी मिली बुलेट और चप्पल मेघनगर में दर्दनाक सड़क हादसा: बस की टक्कर से दो युवकों की मौके पर ही मौत