बाबा साईं होटल सुसाइड मामले को लेकर जोबट थाने पहुंचे पूर्व राज्यमंत्री सदाशिव भंवरिया, निष्पक्ष जांच की मांग

0

जितेंद्र वर्मा, जोबट

जोबट नगर के बाग रोड तिराहे स्थित बाबा साईं होटल के कमरा नंबर 105 में हुई आत्महत्या की घटना को लेकर सोमवार को पूर्व राज्यमंत्री एवं मध्य प्रदेश फिशरमैन कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सदाशिव भंवरिया जोबट थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर मामले की जानकारी ली तथा घटना की निष्पक्ष एवं गहन जांच की मांग की।

इस दौरान सदाशिव भंवरिया ने कहा कि मृतक कांग्रेस परिवार से जुड़ा एक सक्रिय कार्यकर्ता था और उसकी मृत्यु की घटना बेहद दुखद एवं चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों, साक्ष्यों तथा मृतक द्वारा मृत्यु से पूर्व बनाए गए वीडियो की गंभीरता से जांच की जानी चाहिए, ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियां सामने आ सकें।

इसी बीच मामले में नया मोड़ तब आया जब जोबट पुलिस ने आत्महत्या प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत एफआईआर दर्ज कर गायत्री धरवाल को नामजद किया है। पुलिस द्वारा दर्ज प्रकरण में प्राप्त शिकायत, कथनों एवं अन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। मामले में मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, मृतक द्वारा बनाए गए वीडियो तथा अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

भंवरिया ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि जांच पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ की जाए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी भी व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों को न्याय दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

उन्होंने मृतक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस संगठन इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़ा है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने उन्हें आश्वस्त किया कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भंवरिया ने कहा कि इस मामले की सच्चाई सामने आना जरूरी है और जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही नहीं बरती जानी चाहिए। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोग भी जांच के निष्कर्ष का इंतजार कर रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.