बरगी डैम में हुए हादसे के मृतकों को युवक कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि

0

आलीराजपुर। जबलपुर के बरगी डैम में हुई दर्दनाक नाव दुर्घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस भीषण हादसे में 13 लोगों की मौत के बाद प्रदेशभर में शोक और आक्रोश का माहौल है। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।

इसी क्रम में आज युवक कांग्रेस जिला अध्यक्ष पुष्पराज पटेल के नेतृत्व में अलीराजपुर नगर के मुर्गी बाजार चौराहा से कैंडल मार्च निकालकर मृतकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कैंडल मार्च में युवक कांग्रेस कार्यकर्ता, कांग्रेसजन एवं नगर के युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए। मुर्गी बाजार चौराहा से प्रारंभ हुआ मार्च होकर राजीव गांधी प्रतिमा टाकीज चौराहे  पहुंचा, जहां सभी कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर दो मिनट का मौन रख हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर युवक कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जबलपुर की यह घटना केवल एक हादसा नहीं बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का दुखद परिणाम है। यदि नाव संचालन में सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता और जिम्मेदार कर्मचारी सतर्क रहते तो कई परिवार उजड़ने से बच सकते थे। युवक कांग्रेस ने हादसे के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों एवं अधिकारियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की।

जिला अध्यक्ष पुष्पराज पटेल ने कहा कि मृतकों के परिजनों को न्याय दिलाना शासन की जिम्मेदारी है। दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो और प्रदेश के सभी जल पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। कैंडल मार्च के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर शोक व्यक्त किया तथा पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की। कार्यक्रम में युवक कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नगर के युवा बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.