कलम की शक्ति और सेवा के संकल्प का होगा समागम, कल प्रेस क्लब जोबट के द्वारा सजेगा ‘स्नेह मिलन एवं सम्मान समारोह’ का मंच

0

जितेंद्र वर्मा, जोबट 

प्रेस क्लब जोबट द्वारा रविवार कल शाम 4.30 बजे से ‘स्नेह मिलन एवं सम्मान समारोह 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन स्थल पुलिस थाने के सामने रखा गया है। इस गरिमामयी कार्यक्रम में क्षेत्र की पत्रकारिता के दिग्गजों सहित समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवा देने वाली प्रतिभाओं का अभिनंदन किया जाएगा।

जिले के वरिष्ठ पत्रकारों और सेवा प्रदाताओं का होगा सम्मान

प्रेस क्लब अध्यक्ष राजेश डुडवे ने बताया कि कार्यक्रम में दो प्रमुख श्रेणियों में सम्मान प्रदान किए जाएंगे। निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए ‘कलम-साधना सम्मान’ से जिले के 10 वरिष्ठ पत्रकारों को नवाजा जाएगा। वहीं, स्वास्थ्य, पुलिस, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में अपनी विशिष्ट सेवाओं से समाज को नई दिशा देने वाले 10 कर्मवीरों को ‘सेवा-साधना सम्मान’ से अलंकृत किया जाएगा।

सांसद -विधायक, दिग्गज पत्रकार समेत जिले के वरिष्ठ अधिकारी होंगे शामिल

आयोजन में अतिथि के रूप में सांसद अनिता चौहान, वरिष्ठ पत्रकार चंद्रभान सिंह भदौरिया, जोबट विधायक सेना पटेल, जिला पंचायत सीईओ संघमित्रा गौतम, एसपी रघुवंश सिंह भदौरिया, पूर्व विधायक माधोसिंह डावर, आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल, अजजा मोर्चा के प्रदेश सदस्य विशाल रावत,जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि जयपाल खरत,नगर परिषद अध्यक्ष राहुल मोहनिया, जिला प्रेस क्लब के नवागत अध्यक्ष राकेश तंवर समेत सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि,पत्रकार साथी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।

तैयारियां पूर्ण, उत्साह का माहौल

आयोजन को लेकर जोबट प्रेस क्लब के सदस्यों में भारी उत्साह है। यह आयोजन पत्रकारिता के गौरव को नई ऊंचाई प्रदान करेगा। प्रेस क्लब जोबट के सदस्यों ने क्षेत्र के सभी पत्रकार साथियों और प्रबुद्धजनों से इस गरिमामयी समारोह में उपस्थित होने की अपील की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.