भीषण गर्मी को देखते हुए नगर परिषद सक्रिय, प्रमुख चौराहों पर लगाए जाएंगे प्याऊ

0

जितेंद्र वर्मा, जोबट

नगर में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए नगर परिषद जोबट द्वारा आमजन को राहत देने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। गर्मी के इस मौसम में नगर में आने वाले आमजन एवं ग्रामीणों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर के विभिन्न प्रमुख चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर प्याऊ (पेयजल केंद्र) स्थापित किए जा रहे हैं।

नगर परिषद से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नया बस स्टेशन, तहसील कार्यालय के बाहर, नर्मदा ग्रामीण बैंक के बाहर, बड़ा बस स्टेशन, पार्क के बाहर, सब्जी मंडी, दाल मिल चौराहा, छोटे नेक चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा के सामने, खट्टाली चौराहा एवं देहदला चौराहा सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था की जा रही है, जिससे अधिक से अधिक लोगों को सुविधा मिल सके।

नगर परिषद के अनुसार, भीषण गर्मी के चलते पेयजल की बढ़ती आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है, ताकि नगर में आने वाला कोई भी व्यक्ति प्यासा न रहे और सभी को सहज रूप से पेयजल उपलब्ध हो सके। शीघ्र ही सभी चिन्हित स्थानों पर यह व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी।

इस जनहितकारी पहल का नगरवासियों ने स्वागत करते हुए इसे सराहनीय कदम बताया है तथा परिषद के इस प्रयास की प्रशंसा की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.