ओंकारेश्वर महादेव बने दूल्हे राजा, महिला मंडल ने लगाई हल्दी-मेहंदी

0

जीवन लाल राठौड़, सारंगी

महाशिवरात्रि पर्व को लेकर ओंकारेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित पांच दिवसीय महोत्सव श्रद्धा, उल्लास और भक्ति के वातावरण में मनाया जा रहा है। नगर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

महोत्सव के अंतर्गत शुक्रवार को गणेश पूजन के पश्चात बाबा ओंकारेश्वर महादेव को दूल्हे राजा के रूप में श्रृंगारित किया गया। महिला मंडल ने भगवान को हल्दी व मेहंदी अर्पित की। इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक मंगल गीत गाए, ढोल की थाप पर नृत्य किया और शिव भजनों से पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया। हर ओर जयकारों की गूंज रही और श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए।

भगवान शिव के विवाह उत्सव को क्षेत्र में वर्षों पुरानी परंपरा के रूप में मनाया जाता है, जिसे आज भी श्रद्धा के साथ निभाया जा रहा है। पांच दिवसीय कार्यक्रमों की शुरुआत गुरुवार से हो चुकी है, जिसमें प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक आयोजन हो रहे हैं।

पंडित मयूर जोशी ने बताया कि महाशिवरात्रि के दिन प्रातः 4 बजे पंचामृत महाअभिषेक किया जाएगा। इसके पश्चात महाआरती होगी, जिसमें नगर के बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल होंगे। रात्रि में महाआरती के बाद समिति द्वारा श्रद्धालुओं को दूध का प्रसाद वितरित किया जाएगा। आयोजन समिति ने नगर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.